image

मिस्सा में हम बार-बार “आमेन” क्यों कहते हैं? आखिर हम वास्तव में आमेन शब्द द्वारा क्या कहते हैं

7 अक्टूबर 2026: क्या आपने कभी ध्यान दिया है कि कैथोलिक विश्वासी मिस्सा के दौरान कितनी बार “आमेन” कहते हैं? यह शब्द सुनने में भले ही केवल प्रार्थना को समाप्त करने वाला एक छोटा-सा शब्द लगे, लेकिन इसका अर्थ इससे कहीं अधिक गहरा है। जब भी हम “आमेन” कहते हैं, हम परमेश्वर के प्रति अपने विश्वास, भरोसे और स्वीकृति को व्यक्त करते हैं। यह एक छोटा-सा शब्द है, जिसके द्वारा हम कलीसिया की प्रार्थना में सचेत और विश्वासपूर्ण रूप से सहभागी होते हैं।


“आमेन” का क्या अर्थ है?

“आमेन” शब्द इब्रानी भाषा से आया है और इसका संबंध सत्य, विश्वासयोग्यता, निश्चितता और भरोसे से है। कैथोलिक कलीसिया की धर्मशिक्षा हमें बताती है कि “आमेन” एक ओर हमारे प्रति परमेश्वर की विश्वासयोग्यता को व्यक्त करता है, तो दूसरी ओर परमेश्वर में हमारे विश्वास और भरोसे को भी प्रकट करता है।


जब हम “आमेन” कहते हैं, तो मानो हम कह रहे होते हैं—


“हाँ, मैं विश्वास करता/करती हूँ।”

“मैं अपना भरोसा परमेश्वर पर रखता/रखती हूँ।”


मिस्सा में अलग-अलग अवसरों पर “आमेन” किसी प्रार्थना की पुष्टि करने, किसी घोषणा की पुष्टि करने या किसी संस्कार संबंधी वास्तविकता में अपने विश्वास को व्यक्त करने का कार्य करता है।


ईसाई प्रार्थना केवल सुनने तक सीमित नहीं है। हमारा “आमेन” हमें कलीसिया द्वारा की जा रही प्रार्थना और घोषित किए जा रहे विश्वास के प्रति अपनी व्यक्तिगत सहमति व्यक्त करने का अवसर देता है।


महान “आमेन” — (The Great Amen)

“आमेन” के सबसे महत्वपूर्ण प्रयोगों में से एक यूखरिस्तीय प्रार्थना के अंत में होता है। जब पुरोहित यह स्तुतिगान घोषित करते हैं—


“उसी के द्वारा, उसी के साथ और उसी में…”


तब विश्वासी एक साथ महान “आमेन” के द्वारा उत्तर देते हैं।


यह पूरे यूखरिस्तीय प्रार्थना की गंभीर पुष्टि है और इस बात की अभिव्यक्ति है कि कलीसिया मसीह के द्वारा पिता परमेश्वर को अर्पित की जाने वाली स्तुति और धन्यवाद में सहभागी होती है।


विश्वासी स्वयं स्वतंत्र रूप से यूखरिस्तीय प्रार्थना का उच्चारण नहीं करते; पुरोहित अपने अभिषिक्त सेवकाई के अधिकार में इसे अर्पित करते हैं। लेकिन महान “आमेन” के द्वारा विश्वासी विश्वास में इस प्रार्थना के साथ स्वयं को जोड़ते हैं और पूरी कलीसिया के साथ मिलकर इसकी पुष्टि करते हैं।


पवित्र परमप्रसाद ग्रहण करने से पहले “आमेन”


जब सेवक कहता है, “मसीह का शरीर”, तब परमप्रसाद ग्रहण करने वाला व्यक्ति उत्तर देता है, “आमेन।”


यह केवल एक उत्तर नहीं, बल्कि विश्वास की एक गहरी घोषणा है।


इसके द्वारा हम यह स्वीकार करते हैं कि रोटी के रूप में हमें वास्तव में यीशु मसीह ही प्राप्त होते हैं—उनका शरीर, रक्त, आत्मा और ईश्वरत्व।


इसलिए हमारा “आमेन” केवल बुद्धि से किया गया एक कथन नहीं है। यह मसीह की वास्तविक उपस्थिति में हमारे विश्वास को व्यक्त करता है और यह हमारी इच्छा को भी प्रकट करता है कि हम मसीह और उनकी कलीसिया के साथ संस्कारात्मक सहभागिता में उन्हें ग्रहण करें।


हमारा “आमेन” — मसीह के द्वारा

इस शब्द का एक और भी गहरा अर्थ है। कलीसिया की धर्मशिक्षा हमें सिखाती है कि यीशु मसीह स्वयं पिता के प्रेम के पूर्ण और अंतिम “आमेन” हैं। उनके द्वारा ईसाई लोग भी परमेश्वर की महिमा के लिए अपना “आमेन” कहते हैं।


इसलिए जब हम मिस्सा में “आमेन” कहते हैं, तो हम केवल किसी प्रार्थना का अंत नहीं कर रहे होते। हम मानो कह रहे होते हैं—


“हाँ, प्रभु! मैं विश्वास करता/करती हूँ।

मैं आप पर भरोसा करता/करती हूँ।

मैं आपके साथ सहभागिता में जीवन बिताना चाहता/चाहती हूँ।”


एक छोटा-सा शब्द, जिसे हम अनगिनत बार बोलते हैं, वास्तव में कैथोलिक विश्वास की एक शक्तिशाली अभिव्यक्ति बन जाता है।


कैथोलिक कनेक्ट रिपोर्टर द्वारा

अनुवाद: सिस्टर एम. अल्फोंसा ग्रेशियन, एसआरए

© 2026 CATHOLIC CONNECT POWERED BY ATCONLINE LLP