- 01 October, 2026
1 अक्टूबर, 2026: मिस्सा के प्रारंभ में, प्रारंभिक विधियों के दौरान, कलीसिया हमें ईश्वर की दया की आवश्यकता को पहचानने के लिए आमंत्रित करती है। जब पश्चात्ताप की विधि का प्रयोग किया जाता है, तब विश्वासी अपने पापों को स्वीकार करते हैं और प्रभु से दया की याचना करते हैं।
यह केवल अपने अपराध-बोध में डूबे रहने का अभ्यास नहीं है, बल्कि विनम्रता का एक कार्य है, जो हमारे हृदय को पवित्र रहस्यों के उत्सव और यूखरिस्त में मसीह से मिलने के लिए तैयार करता है।
यद्यपि सामान्यतः पश्चात्ताप की विधि का प्रयोग किया जाता है, कुछ अवसरों पर—विशेषकर जब जल के आशीर्वाद और छिड़काव की विधि अपनाई जाती है—पश्चात्ताप की विधि के स्थान पर मिस्सा की अनुमति प्राप्त कोई अन्य विधि प्रयोग की जा सकती है।
उपासना के लिए अपने हृदय को तैयार करना
पश्चात्ताप की विधि हमें अपने जीवन को देखने और यह पहचानने का अवसर देती है कि हम कहाँ ईश्वर की इच्छा के अनुसार चलने में असफल हुए हैं। हमें पाप से विमुख होकर विनम्रता और विश्वास के साथ ईश्वर की ओर लौटने के लिए आमंत्रित किया जाता है।
यह कुछ वैसा ही है जैसे हम किसी महत्वपूर्ण अतिथि से मिलने से पहले स्वयं को तैयार करते हैं। हम चाहते हैं कि जब हम ईश्वर के सामने आएँ, तो हमारा हृदय खुला, विनम्र और पश्चात्तापी हो। पश्चात्ताप की विधि हमें अपने पापों को स्वीकार करने और उचित आध्यात्मिक मनोभाव के साथ यूखरिस्त के पास आने में सहायता करती है।
हालाँकि, यह मेल-मिलाप के संस्कार का स्थान नहीं लेती। जिस व्यक्ति को अपने गंभीर पाप का ज्ञान हो, उसे पवित्र परमप्रसाद ग्रहण करने से पहले संस्कारात्मक पापस्वीकार और पापमोचन प्राप्त करना आवश्यक है।
“कन्फितेओर” का अर्थ
पश्चात्ताप की विधि का सबसे परिचित रूप “कन्फितेओर” है, जिसकी शुरुआत इन शब्दों से होती है—
“मैं सर्वशक्तिमान ईश्वर के सामने अपने पापों को स्वीकार करता/करती हूँ…”
इस प्रार्थना में विश्वासी अपने विचार, वचन, कर्म और चूकों द्वारा किए गए पापों को स्वीकार करते हैं।
जब हम कहते हैं—
“मेरी ही भूल है, मेरी ही भूल है, मेरी बड़ी भारी भूल है,”
तो अपने वक्ष पर हाथ मारते हैं। यह शारीरिक संकेत हमारे दुःख, विनम्रता और व्यक्तिगत जिम्मेदारी की अभिव्यक्ति है।
यह स्वीकारोक्ति केवल व्यक्तिगत नहीं, बल्कि सामुदायिक भी है। सभी विश्वासी मिलकर प्रार्थना करते हैं और धन्य कुँवारी मरियम, स्वर्गदूतों, संतों तथा एक-दूसरे से मध्यस्थता की प्रार्थना करते हैं।
यह हमें याद दिलाता है कि मसीही पवित्रता की यात्रा अकेले नहीं करते, बल्कि हम सभी मसीह की देह के सदस्य होने के नाते एक-दूसरे के साथ इस यात्रा पर आगे बढ़ते हैं।
पश्चात्ताप की विधि के तीन रूप
रोमन मिसल पश्चात्ताप की विधि के तीन रूप प्रस्तुत करता है।
पहला रूप — कन्फितेओर:
इसमें पूरी सभा अधिक विस्तार से अपने पापों को स्वीकार करती है और संतों की प्रार्थना तथा मध्यस्थता की याचना करती है।
दूसरा रूप — संक्षिप्त संवाद:
इसमें पुरोहित और विश्वासी एक संक्षिप्त संवाद के माध्यम से अपनी पापमयता को स्वीकार करते हैं तथा प्रभु से दया और उद्धार प्रदान करने की प्रार्थना करते हैं।
तीसरा रूप — मसीह को सम्बोधित निवेदन:
इसमें मसीह को सम्बोधित विभिन्न निवेदन किए जाते हैं और प्रत्येक निवेदन के बाद कहा जाता है—
“प्रभु, दया कर।”
या
“मसीह, दया कर।”
यह रूप विशेष रूप से मसीह के उद्धारकारी कार्य और हमारी दया की याचना के बीच संबंध को प्रकट करता है।
हम “प्रभु, दया कर” क्यों कहते हैं?
“क्यिरी एलेइसोन” का अर्थ है—
“प्रभु, दया कर।”
ये शब्द मसीही प्रार्थना के एक केंद्रीय विषय को व्यक्त करते हैं। इनके द्वारा हम स्वीकार करते हैं कि हम ईश्वर पर निर्भर हैं और साथ ही उनकी करुणा पर अपनी आशा रखते हैं।
इसका उद्देश्य केवल हमें यह याद दिलाना नहीं है कि हम पापी हैं। बल्कि अपनी कमजोरी को पहचानने से हमारा हृदय ईश्वर की दया, क्षमा और चंगाई के लिए खुलता है।
मिस्सा के दौरान दया की धारा
दया का विषय केवल पश्चात्ताप की विधि के साथ समाप्त नहीं हो जाता। जब “ग्लोरिया” (महिमा-गान) का विधान होता है, तब विश्वासी ईश्वर की स्तुति करते हुए मसीह से कहते हैं:
“आप संसार के पाप हरने वाले हैं, हम पर दया कीजिए।”
सुसमाचार का उद्घोष करने से पहले पुरोहित शांति से ईश्वर से अपने हृदय और होंठों को शुद्ध करने की प्रार्थना करता है।
भेंट की तैयारी के समय भी वह विनम्रता से प्रार्थना करता है और पाप से शुद्ध किए जाने की याचना करता है।
फिर, पवित्र परमप्रसाद ग्रहण करने से ठीक पहले “अग्नुस देई” — परमेश्वर के मेमने में हमारा ध्यान एक बार फिर मसीह की ओर जाता है:
“ईश्वर के मेमने, जो संसार के पाप हरते हैं, हम पर दया कीजिए।”
अंत में, पवित्र परमप्रसाद ग्रहण करने से पहले पूरी सभा अपनी अयोग्यता को स्वीकार करती है:
“हे प्रभु, मैं इस योग्य नहीं कि आप मेरी छत के नीचे आएँ, लेकिन केवल एक शब्द कह दीजिए और मेरी आत्मा स्वस्थ हो जाएगी।”
दया से भरी एक शुरुआत
इस प्रकार, पश्चात्ताप की विधि मिस्सा को एक गहन आध्यात्मिक शुरुआत प्रदान करती है।
यह हमें सिखाती है कि हम ईश्वर के पास स्वयं को पूर्ण दिखाकर नहीं, बल्कि ईमानदारी से अपनी दया की आवश्यकता को स्वीकार करते हुए आएँ।
हम अपने पापों को स्वीकार करते हैं, क्षमा की याचना करते हैं और मसीह पर अपना विश्वास रखते हैं। इस प्रकार हमारा हृदय विनम्रता, विश्वास और आशा के साथ यूखरिस्त के उत्सव के लिए तैयार होता है।
कैथोलिक कनेक्ट रिपोर्टर द्वारा
अनुवाद: सिस्टर एम. अल्फोंसा ग्रेशियन, एसआरए
© 2026 CATHOLIC CONNECT POWERED BY ATCONLINE LLP