image

याजक मिस्सा में वेदी को क्यों चूमता है?

30 सितंबर 2026: आपने शायद इसे अनगिनत बार देखा होगा। मिस्सा की शुरुआत होते ही याजक वेदी की ओर बढ़ता है और झुककर उसका अभिवादन करता है, फिर वेदी को चूमता है। समारोह के अंत में जाते समय भी वह एक बार फिर वेदी को चूमता है।


यह एक सरल-सा संकेत है, जो केवल एक क्षण के लिए होता है, फिर भी इसमें सदियों पुरानी ईसाई परंपरा और गहरा आध्यात्मिक अर्थ समाहित है।


तो आखिर याजक वेदी को क्यों चूमता है?

कैथोलिक कलीसिया की समझ के अनुसार, वेदी बलिदान की वेदी और प्रभु की मेज—दोनों का प्रतिनिधित्व करती है। यह स्वयं मसीह का भी प्रतीक है, जो विश्वासियों के बीच उपस्थित हैं—एक ऐसे बलिदान के रूप में, जो हमारे मेल-मिलाप के लिए अर्पित किए जाते हैं, और स्वर्ग से प्राप्त उस भोजन के रूप में, जो वे हमें प्रदान करते हैं।


इसलिए जब याजक वेदी के पास आता है, तो वह वास्तव में मसीह के उद्धारकारी बलिदान के रहस्य और उस पवित्र मेज के पास आता है, जहाँ से मसीह स्वयं को अपनी कलीसिया को अर्पित करते हैं।


प्रेम और श्रद्धा का संकेत

चुंबन मानव इतिहास में सम्मान, स्नेह और आदर व्यक्त करने के सबसे पुराने संकेतों में से एक है।


धर्मविधि में याजक का वेदी को चूमना किसी पत्थर या लकड़ी की वस्तु को इस प्रकार चूमना नहीं है मानो वह स्वयं ईश्वरीय हो। बल्कि वह वेदी को इसलिए चूमता है क्योंकि वेदी मसीह और उनके यूखरिस्तीय बलिदान का प्रतीक है।


रोमन मिसल के सामान्य निर्देश (General Instruction of the Roman Missal) में बताया गया है कि वेदी के निकट पहुँचने के बाद याजक और उपयाजक गहराई से झुककर वेदी का अभिवादन करते हैं और फिर श्रद्धा एवं सम्मान की अभिव्यक्ति के रूप में वेदी को चूमते हैं।


इस प्रकार, मिस्सा के आरंभ और अंत में वेदी को चूमने का यह छोटा-सा संकेत हमें याद दिलाता है कि वेदी केवल एक धार्मिक मेज नहीं है, बल्कि मसीह के बलिदान, उनकी उपस्थिति और कलीसिया के साथ उनके प्रेमपूर्ण मिलन का पवित्र प्रतीक है।


यह कृत्य विश्वासियों को याद दिलाता है कि प्रत्येक मिस्सा के केंद्र में मसीह स्वयं उपस्थित हैं।


एक प्राचीन ईसाई परंपरा

वेदी को चूमने की प्रथा एक प्राचीन ईसाई परंपरा से जुड़ी हुई है। रोमन मिसल के सामान्य निर्देश (General Instruction of the Roman Missal) में भी वेदी को चूमकर उसकी वंदना करने को एक पारंपरिक प्रथा के रूप में बताया गया है।


कलीसिया की परंपरा में वेदियाँ संतों के अवशेषों, विशेष रूप से उन शहीदों के अवशेषों से भी जुड़ी रही हैं, जिन्होंने मसीह के लिए अपना जीवन अर्पित कर दिया। वेदी के नीचे संतों के अवशेष रखना इस बात का संकेत है कि संतों का बलिदान मसीह के बलिदान से उत्पन्न होता है। यह उनके साथ पूरी कलीसिया की एकता और सहभागिता को भी व्यक्त करता है।


संतों के अवशेष वेदी के नीचे रखे जा सकते हैं, लेकिन हर वेदी में अवशेष होना आवश्यक नहीं है। जब अवशेष उपस्थित होते हैं, तब भी वे वेदी के मुख्य अर्थ को निर्धारित नहीं करते। वेदी मुख्य रूप से मसीह का प्रतिनिधित्व करती है और यूखरिस्तीय बलिदान के लिए पवित्र स्थान के रूप में कार्य करती है।


इस प्रकार, संतों के साथ वेदी का संबंध हमें यह याद दिलाता है कि संतों की पवित्रता और उनका आत्म-बलिदान स्वयं मसीह के बलिदान से ही प्रवाहित होता है।


आरंभ और अंत—दोनों समय क्यों?

रोमन रीति में याजक मिस्सा की शुरुआत में वेदी को चूमता है और समारोह के अंत में वहाँ से जाने से पहले फिर से वेदी को चूमता है।


आरंभ में, यह चुंबन श्रद्धा और सम्मान को व्यक्त करता है, जब याजक पवित्र रहस्यों को मनाने के लिए स्वयं को तैयार करता है।


समापन में, यह वेदी के प्रति श्रद्धा की एक और अभिव्यक्ति है। यह वही वेदी है जो मसीह का प्रतिनिधित्व करती है और जिस पर यूखरिस्तीय समारोह सम्पन्न हुआ है।


इस संकेत का धर्मविधिक अर्थ मुख्य रूप से वेदी के प्रति श्रद्धा और सम्मान व्यक्त करना है; प्रत्येक चुंबन के लिए कोई अलग व्यक्तिगत या निजी अर्थ निर्धारित करना इसका उद्देश्य नहीं है।


प्रत्येक कैथोलिक के लिए एक स्मरण

याजक द्वारा वेदी को चूमना केवल कोई औपचारिक या समारोहिक प्रथा नहीं है।


यह हमें याद दिलाता है कि यूखरिस्त का केंद्र मसीह हैं, जिन्होंने संसार के उद्धार के लिए स्वयं को अर्पित किया और पवित्र मिस्सा के द्वारा अपनी कलीसिया को निरंतर आध्यात्मिक पोषण प्रदान करते हैं।


अगली बार जब आप याजक को वेदी को चूमते हुए देखें, तो याद रखें कि यह एक शांत, लेकिन अत्यंत अर्थपूर्ण श्रद्धा की अभिव्यक्ति है—मसीह के प्रति, उनके बलिदान के प्रति और यूखरिस्त के उस महान वरदान के प्रति, जो मसीही जीवन का स्रोत और शिखर है।


कैथोलिक कनेक्ट रिपोर्टर द्वारा

अनुवाद: सिस्टर एम. अल्फोंसा ग्रेशियन, एसआरए

© 2026 CATHOLIC CONNECT POWERED BY ATCONLINE LLP