- 01 October, 2026
कोटद्वार, उत्तराखंड, 29 सितंबर 2026: उत्तराखंड के कोटद्वार में आयोजित दो दिवसीय वार्षिक प्रशिक्षण कार्यक्रम में नौ धर्मप्रांतों के करीब 65 धार्मिक सेवाकर्मियों ने भाग लिया। प्रशिक्षण का मुख्य विषय मिशनरी नवीनीकरण, कृत्रिम बुद्धिमत्ता (ए आई) और मिशन रविवार 2026 के संदेश पर केंद्रित रहा।
इस कार्यक्रम का आयोजन आगरा क्षेत्रीय सुसमाचार प्रचार आयोग और पोंटिफिकल मिशन सोसाइटीज द्वारा किया गया, जबकि इसकी मेजबानी बिजनौर धर्मप्रांत ने की। प्रशिक्षण में विभिन्न धर्मप्रांतों के निदेशक, पुरोहित, धर्मबहनें, लोकधर्मी, युवा और धर्मशिक्षक शामिल हुए।
कार्यक्रम में क्षेत्रीय आयोग के अध्यक्ष बिशप लुईस मस्कारेन्हास, बिजनौर के बिशप विंसेंट नेल्लाइपराम्बिल और सेवानिवृत्त बिशप जॉन वडाकेल उपस्थित रहे।
उद्घाटन संबोधन में बिशप विंसेंट ने प्रतिभागियों को परमेश्वर के राज्य के सक्रिय निर्माता बनने के लिए प्रेरित किया। वहीं, बिशप लुईस ने प्रतिभागियों से आग्रह किया कि वे प्रशिक्षण के दौरान प्राप्त सीख को अपने-अपने धर्मप्रांतों में ले जाएँ और उसे ठोस पादरीय पहलों में बदलें।
क्षेत्रीय सचिव फादर जॉय रोड्रिग्स ने कार्यक्रम का संचालन किया और मिशन रविवार 2026 की थीम तथा संदेश प्रस्तुत किया। उन्होंने प्रतिभागियों को अपने-अपने पादरीय परिवेश में सीखी गई बातों को लागू करने के लिए व्यक्तिगत कार्य योजनाएँ तैयार करने के लिए भी प्रोत्साहित किया।
मीडिया प्रोफेशनल फादर थॉमस एंटनी ओ. प्रेम ने मुख्य संसाधन व्यक्ति के रूप में सेवाएँ दीं। उन्होंने आज के दौर में संचार और पादरीय सेवकाई में कृत्रिम बुद्धिमत्ता के जिम्मेदार उपयोग और मूल्यांकन पर सत्र आयोजित किए।
प्रतिभागियों को चैटजीपीटी, जेमिनी, क्लॉड, गामा, कैनवा और गूगल फ्लो जैसे डिजिटल उपकरणों का उपयोग करके पादरीय पोस्टर, इमेज और वीडियो सामग्री तैयार करने का व्यावहारिक प्रशिक्षण दिया गया।
बिजनौर धर्मप्रांत के निदेशक फादर बेनी थेक्केकरा, फादर लिंटो और फादर सेबेस्टियन मैथ्यू ने कार्यक्रम के आयोजन और संचालन में सहयोग दिया।
इस प्रशिक्षण में मिशनरी चिंतन और आधुनिक डिजिटल कौशल को एक साथ जोड़ा गया। इसके माध्यम से धार्मिक सेवाकर्मियों को उभरती संचार तकनीकों को समझने और उनका जिम्मेदारीपूर्वक उपयोग करने का अवसर मिला। साथ ही, इस प्रशिक्षण ने कलीसिया के सुसमाचार प्रचार के मिशन के प्रति उनकी प्रतिबद्धता को और मजबूत करने में सहायता की।
— कैथोलिक कनेक्ट रिपोर्टर
अनुवाद : शिवराज बारा
© 2026 CATHOLIC CONNECT POWERED BY ATCONLINE LLP