- 08 July, 2026
वेटिकन, 4 जुलाई 2026: संत पापा लियो चौदहवें ने दुनिया भर के कैथोलिक विश्वासियों से इस जुलाई माह में मानव जीवन के सम्मान के लिए उनके साथ प्रार्थना करने का आह्वान किया है।
गुरुवार को उन्होंने "संत पापा के साथ प्रार्थना करो" नामक मासिक वीडियो जारी किया, जिसका निर्माण संत पापा के वैश्विक प्रार्थना नेटवर्क द्वारा किया गया।
अपनी प्रार्थना में संत पापा ने कहा कि प्रभु ने प्रत्येक व्यक्ति की रचना प्रेम से की है और सभी को जीवन की पूर्णता में जीने के लिए बुलाया है। उन्होंने प्रार्थना करते हुए कहा, "हर व्यक्ति एक पवित्र उपहार है, जो आपके स्वरूप को प्रतिबिंबित करता है—अपने अस्तित्व के प्रथम क्षण से लेकर पृथ्वी पर अपनी यात्रा की अंतिम सांस तक।"
उन्होंने आगे कहा,
"आज हम यह अनुग्रह माँगे ताकि हम प्रत्येक मानव व्यक्ति के अद्वितीय और अनुपम मूल्य को पहचानें तथा उसकी रक्षा करें।"
जीवन को बिना शर्त स्वीकार करने का आह्वान संत पापा ने कहा कि लोग जीवन को बिना किसी शर्त के स्वीकार करना सीखें, कमजोर और नाजुक लोगों की प्रेमपूर्वक देखभाल करें, जीवन के प्रत्येक चरण का सम्मानपूर्वक साथ दें और जिनकी कोई आवाज़ नहीं है, उनके अधिकारों की साहसपूर्वक रक्षा करें।
उन्होंने प्रभु से क्षमा माँगी कि जब मानवता उदासीन हो जाती है, त्याग और उपेक्षा की संस्कृति को अपनाती है तथा दूसरों में प्रेम और सम्मान के योग्य व्यक्ति को पहचानने में असफल रहती है।
उन्होंने प्रार्थना की, "हे प्रभु हमें ऐसा नया हृदय प्रदान करें जो सदैव जीवन को चुनने के लिए तैयार रहे, और ऐसे उदार हाथ दें जो ठोस कार्यों के द्वारा उसकी रक्षा करें।"संत पापा ने यह भी प्रार्थना की कि कलीसिया जीवन के सुसमाचार की जीवित साक्षी बने—ऐसा खुला घर जहाँ प्रत्येक जीवन का स्वागत और उत्सव मनाया जाए, जहाँ कोई भी स्वयं को अवांछित महसूस न करे, और जहाँ प्रत्येक व्यक्ति की गरिमा का सदैव सम्मान और संरक्षण किया जाए।
अंत में उन्होंने प्रभु यीशु से प्रार्थना की कि वे हमें उसी प्रकार जीवन से प्रेम करना सिखाएँ जैसे वे करते हैं—कोमलता, निष्ठा और आत्म-समर्पण के साथ।
उन्होंने कहा, "हम अपने शब्दों और कार्यों के द्वारा यह घोषणा करें कि प्रत्येक मानव जीवन हमारे पूर्ण समर्पण के योग्य है।"
संत पापा का वैश्विक प्रार्थना नेटवर्क
संत पापा का वैश्विक प्रार्थना नेटवर्क की स्थापना वर्ष 1844 में 'एपोस्टलशिप ऑफ प्रेयर' के रूप में हुई थी। यह एक परमधर्मपीठीय (Pontifical) संस्था है, जिसकी जिम्मेदारी सोसाइटी ऑफ जीसस (जेसुइट समाज) को सौंपी गई है।
दिसंबर 2020 में संत पापा फ्राँसिस ने इसे वेटिकन फाउंडेशन का दर्जा प्रदान किया तथा जुलाई 2024 में इसके अंतिम संविधान को स्वीकृति दी।
आज यह नेटवर्क 92 से अधिक देशों में सक्रिय है और 2 करोड़ 20 लाख (22 मिलियन) से अधिक लोगों का आध्यात्मिक समुदाय है, जो प्रतिदिन ईश्वर की इच्छा के प्रति खुले मन से जीवन जीने का प्रयास करते हैं।
इस नेटवर्क का मुख्य आधार संत पापा की मासिक प्रार्थना अभिप्राय हैं, जिनके माध्यम से विश्वासियों को मानवता के सामने उपस्थित गंभीर चुनौतियों तथा कलीसिया के मिशन पर मनन करने के लिए प्रेरित किया जाता है।
Continue Reading on Catholic Connect App
Get access to exclusive news articles & more.
© 2026 CATHOLIC CONNECT POWERED BY ATCONLINE LLP