- 14 July, 2026
रायगढ़, छत्तीसगढ़, 10, जुलाई 2026: रायगढ़ के बोईरदादर स्थित संत ज़ेवियर्स इंग्लिश मीडियम स्कूल में उस समय तनाव की स्थिति बन गई, जब 7 जुलाई को अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद ( ए बी वि पि ) के कुछ सदस्य स्थानीय पुलिस के साथ स्कूल परिसर में पहुँचे और कथित धर्मांतरण के आरोपों को लेकर विरोध प्रदर्शन किया।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, प्रदर्शनकारियों ने स्कूल परिसर के अंदर "जय श्री राम" के नारे लगाए। इससे कक्षाओं में पढ़ाई बाधित हुई और छात्र-छात्राओं तथा शिक्षकों में चिंता और घबराहट का माहौल बन गया। स्थिति को नियंत्रित रखने के लिए पुलिस भी मौके पर मौजूद थी।
ए बी वि पि का आरोप था कि स्कूल में कक्षाओं के दौरान धर्मांतरण को बढ़ावा दिया जा रहा है। हालांकि, स्कूल प्रशासन ने इन आरोपों को पूरी तरह झूठा और बेबुनियाद बताया।
स्कूल प्रशासन के अनुसार, विवाद की शुरुआत एक सामान्य कक्षा चर्चा से हुई। इस दौरान प्राचार्य ने स्कूल के नाम से जुड़े संत फ्रांसिस ज़ेवियर के इतिहास के बारे में संक्षिप्त जानकारी दी । स्कूल का कहना है कि यह केवल ऐतिहासिक जानकारी देने के उद्देश्य से किया गया था, ताकि छात्र अपने स्कूल के संरक्षक संत के बारे में जान सकें। इसका धर्मांतरण से कोई संबंध नहीं था।
स्कूल अधिकारियों का कहना है कि इस सामान्य शैक्षणिक चर्चा को गलत तरीके से पेश किया गया और इसी आधार पर धर्मांतरण के आरोप लगाए गए। उनका कहना है कि विरोध प्रदर्शन से स्कूल का शैक्षणिक माहौल प्रभावित हुआ और बच्चों में अनावश्यक डर और तनाव पैदा हुआ।
स्कूल प्रबंधन ने दोहराया कि संस्थान कानून के अनुसार धर्मनिरपेक्ष (सेक्युलर) और नैतिक मूल्यों पर आधारित शिक्षा देने के लिए प्रतिबद्ध है। साथ ही, उन्होंने बाहरी संगठनों से अपील की कि वे ऐसे कदम न उठाएँ, जिनसे बच्चों की पढ़ाई, सुरक्षा और स्कूल का शांतिपूर्ण वातावरण प्रभावित हो।
— कैथोलिक कनेक्ट रिपोर्टर
अनुवाद : शिवराज बारा
© 2026 CATHOLIC CONNECT POWERED BY ATCONLINE LLP