image

पश्चिम बंगाल भाजपा अध्यक्ष ने मिशनरी स्कूलों में धर्मांतरण का आरोप लगाया, बयान पर उठे सवाल

कोलकाता, 16 नवंबर 2026: पश्चिम बंगाल भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के प्रदेश अध्यक्ष समिक भट्टाचार्य ने रविवार, 15 नवंबर को राज्य के ईसाई मिशनरी स्कूलों को कथित धर्मांतरण और शैक्षणिक संस्थानों में भारत-विरोधी गतिविधियों के आरोपों को लेकर चेतावनी दी।


एक कार्यक्रम को संबोधित करते हुए श्री भट्टाचार्य ने आरोप लगाया कि कुछ ईसाई मिशनरी स्कूलों में धर्म और रंग के आधार पर भेदभावपूर्ण गतिविधियां संचालित की जा रही हैं। उन्होंने चेतावनी दी कि यदि ऐसे संस्थानों में भारत-विरोधी गतिविधियां पाई गईं, तो उन्हें संचालित नहीं होने दिया जाएगा।


उन्होंने कहा, "यदि ईसाई मिशनरी स्कूलों में धर्म और रंग के आधार पर भारत-विरोधी गतिविधियां होती हैं, तो हम ऐसे स्कूलों को जारी नहीं रहने देंगे।"


श्री भट्टाचार्य ने यह भी दावा किया कि एक स्कूल के अधिकारी ने अपनी मेज पर पाकिस्तान का झंडा रखा था, जबकि एक अन्य प्रतिष्ठित स्कूल ने कथित तौर पर अपनी एक शिक्षिका को भगवा साड़ी पहनकर स्कूल आने से मना कर दिया था।


ये बयान ऐसे समय में सामने आए हैं, जब चर्चों पर हो रहे हमलों के विरोध में ईसाई संगठन लगातार आवाज उठा रहे हैं। इस संदर्भ में राज्य के किसी वरिष्ठ भाजपा नेता की ओर से ईसाई समुदाय को लेकर इस तरह की टिप्पणी पहली बार सामने आई है।


इन आरोपों पर प्रतिक्रिया देते हुए ईसाई संगठनों के साझा मंच बंगीय ख्रीस्तीय परिषद ने श्री भट्टाचार्य से संबंधित स्कूलों के नाम सार्वजनिक करने की मांग की।


बीसीपी के संस्थापक सचिव हेरोड मुल्लिक ने कहा कि यदि किसी संस्थान में वास्तव में इस तरह का आचरण हुआ है, तो वह निंदनीय है। हालांकि, उन्होंने संबंधित संस्थानों के नाम बताए बिना सभी ईसाई मिशनरी स्कूलों पर व्यापक आरोप लगाने के लिए भाजपा नेता की आलोचना की।


श्री मुल्लिक ने कहा, "यदि वास्तव में किसी ने ऐसा आचरण किया है, तो यह अत्यंत निंदनीय है। लेकिन संबंधित संस्थानों के नाम बताए बिना सार्वजनिक रूप से ईसाई मिशनरी स्कूलों के खिलाफ व्यापक आरोप लगाना गैर-जिम्मेदाराना, निंदनीय और खतरनाक है।"


इससे पहले, मुख्यमंत्री सुवेंदु अधिकारी ने पूर्ववर्ती तृणमूल कांग्रेस सरकार पर आरोप लगाया कि वह केवल मुस्लिम समुदाय को ही अल्पसंख्यक मानती थी। उन्होंने कहा कि सिख, बौद्ध और जैन समुदाय भी धार्मिक अल्पसंख्यकों की श्रेणी में आते हैं।


समाचार स्रोत: द हिंदू

अनुवाद : शिवराज बारा

© 2026 CATHOLIC CONNECT POWERED BY ATCONLINE LLP