image

पवित्र मिस्सा में कलीसिया पूरे संसार के लिए प्रार्थना क्यों करती है?

14 नवंबर, 2026: पवित्र मिस्सा किसी विशेष गिरजाघर में, एक विशेष विश्वास-समुदाय के साथ मनाया जाता है, फिर भी उसमें की जाने वाली प्रार्थनाएँ वहाँ उपस्थित लोगों तक सीमित नहीं रहतीं। कैथोलिक विश्वासी कलीसिया, शासन करने वालों, दुःख सहने वालों और संसार भर के लोगों की आवश्यकताओं के लिए प्रार्थना करते हैं। आखिर कलीसिया मिस्सा के इस भाग को इतना महत्त्व क्यों देती है?


ऐसी प्रार्थना जो स्वयं से आगे देखती है

वचन-लिटर्जी के अंत के निकट कलीसिया सार्वभौमिक प्रार्थना (General Intercessions) करती है, जिसे विश्वासियों की प्रार्थना (Prayer of the Faithful) भी कहा जाता है। इस समय कलीसिया और पूरे मानव परिवार की आवश्यकताओं को ईश्वर के सामने प्रस्तुत किया जाता है।


इन प्रार्थनाओं में सामान्यतः कलीसिया, शासन करने वालों, दुःख और कठिनाइयों का सामना कर रहे व्यक्तियों तथा स्थानीय समुदाय की आवश्यकताओं के लिए निवेदन किए जाते हैं। विशेष अवसरों के अनुसार इन प्रार्थनाओं में परिवर्तन किया जा सकता है, लेकिन इनका सार्वभौमिक स्वरूप सदैव महत्त्वपूर्ण बना रहता है।


यह केवल विभिन्न प्रार्थना-निवेदनों का नाम लेने की प्रक्रिया नहीं है। यहाँ एकत्रित विश्वासियों का समुदाय अपनी प्रार्थना को मसीह की मध्यस्थ प्रार्थना के साथ जोड़ता है और दूसरों की आवश्यकताओं को स्वर्गीय पिता के हाथों में सौंपता है।


मसीह की अपनी प्रार्थना का अनुसरण

यह सार्वभौमिक प्रार्थना स्वयं यीशु के उदाहरण को प्रतिबिंबित करती है। योहन के सुसमाचार में मसीह अपने शिष्यों के लिए और उन लोगों के लिए भी अपनी महान महायाजकीय प्रार्थना करते हैं, जो उनके शिष्यों के वचन के द्वारा विश्वास करेंगे।


जब भी कलीसिया दूसरों के लिए मध्यस्थ प्रार्थना करती है, तब वह मसीह की प्रार्थनामय चिंता में सहभागी बनती है। कैथोलिक कलीसिया की धर्मशिक्षा सिखाती है कि ईसाई मध्यस्थ प्रार्थना संतों की सहभागिता और ईश्वर की दया के प्रति संवेदनशील हृदय की अभिव्यक्ति है।


दूसरे शब्दों में, कैथोलिक विश्वासियों को केवल अपने लिए प्रार्थना करने तक सीमित नहीं रहना चाहिए। पवित्र मिस्सा हमें याद दिलाता है कि हमारा विश्वास हमें पूरे मानव परिवार की आवश्यकताओं से जोड़ता है।


पवित्र मिस्सा की सार्वभौमिक प्रार्थना

सार्वभौमिक प्रार्थना मिस्सा की व्यापक प्रार्थना का एक प्रत्यक्ष रूप है। यूखारिस्तीय प्रार्थना में भी कलीसिया, पोप, धर्माध्यक्षों, पादरियों, विश्वासियों, जीवित और दिवंगत लोगों तथा सभी की एकता और मुक्ति के लिए निवेदन किए जाते हैं।


यूखारिस्त के केंद्र में मसीह का एकमात्र बलिदान है। पवित्र मिस्सा में मसीह का वही एकमात्र बलिदान संस्कारात्मक रूप से वर्तमान होता है, जिसे उन्होंने समस्त मानवता की मुक्ति के लिए अर्पित किया था। इस बलिदान के फल कलीसिया को प्रदान किए जाते हैं। कलीसिया अपनी मध्यस्थ प्रार्थना के द्वारा ईश्वर की इच्छा के अनुसार संसार की मुक्ति के लिए भी उन फलों की याचना करती है।


मसीह का बलिदान प्रत्येक मिस्सा में एक नए बलिदान के रूप में दोहराया नहीं जाता। बल्कि कलीसिया उनके एकमात्र मुक्तिदायी बलिदान और प्रार्थना में सहभागी होती है।


अपने दायरे से आगे बढ़कर प्रेम करना सीखना

यह सत्य पवित्र मिस्सा में हमारी सहभागिता को बदल देता है। हम अपनी चिंताओं और परेशानियों को लेकर मिस्सा में आते हैं, लेकिन पवित्र धर्मविधि हमें स्वयं से आगे बढ़कर दूसरों की ओर देखने की शिक्षा देती है।


हम युद्ध, गरीबी और धार्मिक उत्पीड़न से प्रभावित लोगों के लिए प्रार्थना करते हैं। हम बीमारों, अकेलेपन से जूझ रहे लोगों और कठिनाइयों का सामना करने वालों के लिए प्रार्थना करते हैं। हम सार्वजनिक जीवन में नेतृत्व करने वालों और अपना विश्वास खो चुके लोगों के लिए भी प्रार्थना करते हैं।


जब कलीसिया पवित्र मिस्सा में पूरे संसार के लिए प्रार्थना करती है, तब वह मानव परिवार के लिए मसीह की अपनी मध्यस्थ प्रार्थना में सहभागी होती है। वह ईश्वर के सामने एक स्वतंत्र मध्यस्थ के रूप में नहीं, बल्कि मसीह में, मसीह के द्वारा और मसीह के साथ खड़ी होती है तथा प्रत्येक व्यक्ति को स्वर्गीय पिता की दया के हाथों में सौंपती है।


कैथोलिक कनेक्ट रिपोर्टर द्वारा

अनुवाद: सिस्टर एम. अल्फोंसा ग्रेशियन, एसआरए

© 2026 CATHOLIC CONNECT POWERED BY ATCONLINE LLP