- 13 November, 2026
29 अक्टूबर, 2026: पवित्र मिस्सा में सुसमाचार की घोषणा के समय कैथोलिक विश्वासी अपने अंगूठे से तीन छोटे क्रूस का चिह्न बनाते हैं—एक माथे पर, दूसरा होंठों पर और तीसरा छाती पर। सुसमाचार का पाठ करने वाले पुरोहित या उपयाजक भी सुसमाचार की पुस्तक और स्वयं पर ये चिह्न बनाते हैं, और श्रद्धालु भी ऐसा ही करते हैं।
यह एक इतनी परिचित क्रिया है कि हम कभी-कभी इसका अर्थ समझे बिना ही इसे कर लेते हैं। लेकिन वास्तव में, ये तीन छोटे क्रूस विश्वास और तत्परता से भरी एक सुंदर प्रार्थना को व्यक्त करते हैं।
ये सुसमाचार के प्रति हमारी श्रद्धा और उस मसीह के प्रति सम्मान का बाहरी संकेत हैं, जो धर्मविधि में सुसमाचार की घोषणा के माध्यम से अपनी कलीसिया से बात करते हैं।
1. सुसमाचार सुनने से पहले की एक प्रार्थना
शब्द-विधि में सुसमाचार का विशेष स्थान है। यह शब्द-विधि का सर्वोच्च बिंदु है। कैथोलिक विश्वासी सुसमाचार सुनने के लिए खड़े होते हैं और जयघोष के माध्यम से उसका स्वागत करते हैं, क्योंकि सुसमाचार की घोषणा में मसीह को अपनी प्रजा के बीच उपस्थित और उनसे बात करते हुए स्वीकार किया जाता है।
तीन छोटे क्रूस का चिह्न हमें सुसमाचार को ध्यानपूर्वक सुनने के लिए तैयार करता है।
इस संकेत को सामान्यतः इस प्रार्थना के रूप में समझा जाता है कि ईश्वर का वचन हमारी बुद्धि को प्रकाशित करे, हमारी वाणी का मार्गदर्शन करे और हमारे हृदय में गहराई से जड़ पकड़ ले।
2. माथे पर क्रूस का चिह्न
पहला छोटा क्रूस माथे पर बनाया जाता है।
परंपरागत रूप से, इसे इस प्रार्थना के रूप में समझा जाता है कि हम अपने मन और बुद्धि से सुसमाचार को ग्रहण कर सकें।
हम ईश्वर से प्रार्थना करते हैं कि वे हमें अपने वचन को समझने, उसकी सच्चाई को पहचानने और अपने विचारों को उसके अनुसार ढालने में सहायता करें।
सुसमाचार केवल यीशु के बारे में जानकारी नहीं है, बल्कि यह मसीह की उद्घोषणा है और हमें मन-परिवर्तन तथा उनके साथ गहरे संबंध में प्रवेश करने का निमंत्रण देता है।
माथे पर क्रूस का चिह्न बनाते समय हम प्रार्थना करते हैं:
“हे प्रभु, मेरे मन और बुद्धि को प्रकाशित कीजिए, ताकि मैं आपके वचन को समझ सकूँ, उसकी सच्चाई को पहचान सकूँ और अपने विचारों को आपके अनुसार ढाल सकूँ।”
3. होंठों पर क्रूस का चिह्न
दूसरा क्रूस होंठों पर बनाया जाता है।
इसे इस प्रार्थना के रूप में समझा जा सकता है कि हम ईश्वर के वचन को विश्वासयोग्यता से बोलें और दूसरों तक पहुँचाएँ।
सुसमाचार केवल ऐसी बात नहीं है, जिसे हम पवित्र मिस्सा में सुनकर वहीं छोड़ दें। ईसाइयों के रूप में हमें अपने दैनिक जीवन में अपने शब्दों, प्रेम, पवित्रता और कार्यों के माध्यम से मसीह के साक्षी बनने के लिए बुलाया गया है।
हमें प्रेम और साहस के साथ सत्य बोलना चाहिए तथा अपने व्यवहार से दूसरों को मसीह के प्रेम का अनुभव कराना चाहिए।
होंठों पर क्रूस का चिह्न बनाते समय हम प्रार्थना करते हैं:
“हे प्रभु, मेरी वाणी को पवित्र कीजिए, ताकि मैं आपके वचन को विश्वासयोग्यता से बोल सकूँ। मेरे शब्द दूसरों को सांत्वना दें, आशा जगाएँ और उन्हें आपके प्रेम के निकट लाएँ।”
4. छाती पर क्रूस का चिह्न
तीसरा क्रूस छाती पर बनाया जाता है।
भक्ति-परंपरा में इसे अक्सर हृदय से संबंधित माना जाता है। यह संकेत हमारी उस इच्छा को व्यक्त करता है कि हम ईश्वर के वचन को अपने जीवन के सबसे गहरे हिस्से में स्थान दें।
यह हमें याद दिलाता है कि सुसमाचार सुनने का उद्देश्य केवल उसे समझना नहीं है। ईश्वर के वचन का प्रभाव हमारे निर्णयों, इच्छाओं और कार्यों पर भी पड़ना चाहिए, ताकि हम मसीह के सच्चे शिष्य के रूप में अधिक विश्वासयोग्यता से जीवन जी सकें।
छाती पर क्रूस का चिह्न बनाते समय हम प्रार्थना करते हैं:
“हे प्रभु, अपने वचन को मेरे हृदय में गहराई से बसाइए। मेरे विचारों, इच्छाओं और कार्यों को परिवर्तित कीजिए, ताकि मेरा जीवन आपके प्रेम और सच्चाई का प्रतिबिंब बन सके।”
5. एक छोटा-सा संकेत, लेकिन गहरा अर्थ
तीन छोटे क्रूस का चिह्न कोई जादुई क्रिया या ऐसा मंत्र नहीं है, जिसे करने मात्र से सब कुछ बदल जाए। यह ध्यानपूर्वक सुनने वाले विश्वास और श्रद्धा की एक शारीरिक अभिव्यक्ति है।
इसका वास्तविक महत्त्व तब प्रकट होता है, जब हम इस संकेत के अनुसार अपना जीवन जीने का प्रयास करते हैं।
अगली बार जब आप सुसमाचार से पहले अपने माथे, होंठों और छाती पर तीन छोटे क्रूस बनाएँ, तो एक क्षण रुककर मन ही मन प्रार्थना करें:
“हे प्रभु, आपका वचन मेरे मन को प्रकाशित करे, मेरी वाणी का मार्गदर्शन करे, मेरे हृदय में गहराई से जड़ पकड़े और मेरे जीवन में अच्छे फल उत्पन्न करे।”
एक साधारण-सा संकेत भी हमें यह याद दिला सकता है कि पवित्र मिस्सा में हम केवल मसीह के बारे में कुछ शब्द नहीं सुन रहे हैं, बल्कि सुसमाचार की घोषणा के माध्यम से स्वयं मसीह को अपनी प्रजा से बात करते हुए सुन रहे हैं।
हमारी प्रार्थना
हे प्रभु यीशु, मेरे माथे पर बना क्रूस मेरे विचारों को पवित्र करे। मेरे होंठों पर बना क्रूस मेरी वाणी को प्रेम और सत्य से भर दे। मेरी छाती पर बना क्रूस मेरे हृदय को आपके वचन का निवास-स्थान बना दे।
आपका वचन केवल मेरे कानों तक सीमित न रहे, बल्कि मेरे मन में प्रकाश, मेरी वाणी में मधुरता और मेरे हृदय में प्रेम बनकर उतरे।
ताकि मेरे विचार, मेरे शब्द और मेरे कार्य—सब आपके प्रेम के साक्षी बनें। आमेन।
कैथोलिक कनेक्ट रिपोर्टर द्वारा
अनुवाद: सिस्टर एम. अल्फोंसा ग्रेशियन, एसआरए
© 2026 CATHOLIC CONNECT POWERED BY ATCONLINE LLP