image

पश्चिम बंगाल के गांव में बंद ग्रोटो के भीतर माता मरियम की प्रतिमा क्षतिग्रस्त, प्राथमिकी दर्ज

रायदीघी, 11 नवंबर 2026: पश्चिम बंगाल के दक्षिण 24 परगना जिले में रायदीघी थाना क्षेत्र के अंतर्गत खारी के बामुनेरचक गांव स्थित घोष पाड़ा में 9 नवंबर की सुबह एक बंद ग्रोटो (प्रार्थना स्थल) के अंदर धन्य कुँवारी मरियम की प्रतिमा क्षतिग्रस्त अवस्था में पाई गई। पुलिस ने इस मामले में प्राथमिकी (FIR) दर्ज कर ली है और घटना के लिए जिम्मेदार लोगों की पहचान करने के उद्देश्य से जांच शुरू कर दी है।


घटना का पता सुबह करीब 4:30 बजे उस समय चला, जब एक स्थानीय निवासी मछली पकड़ने के लिए जा रहा था। रास्ते में ग्रोटो के पास से गुजरते समय उसने प्रतिमा को क्षतिग्रस्त अवस्था में देखा। उसने तुरंत शोर मचाकर ग्रामीणों को इसकी जानकारी दी। उस समय गांव के अधिकांश लोग सो रहे थे। सूचना मिलते ही अगले 10 से 15 मिनट के भीतर कई ग्रामीण घटनास्थल पर एकत्र हो गए।


खारी स्थित असेंशन चर्च के पल्ली पुरोहित फादर उज्ज्वल मंडल को सुबह का पवित्र मिस्सा संपन्न करने के कुछ ही समय बाद इस घटना की जानकारी मिली। सूचना मिलते ही वे घटनास्थल पर पहुंचे। ग्रामीणों से बातचीत के बाद उन्होंने क्षतिग्रस्त प्रतिमा की तस्वीरें लेने तथा स्थानीय प्रशासन और पुलिस को घटना की सूचना देने का अनुरोध किया। साथ ही, उन्होंने समुदाय के लोगों से अपील की कि जांच पूरी होने और दोषियों की पहचान होने तक बिना किसी प्रमाण के किसी पर आरोप न लगाया जाए।


इस घटना से स्थानीय कैथोलिक समुदाय में चिंता का माहौल है। खारी स्थित असेंशन चर्च से जुड़े इस क्षेत्र में लगभग 700 कैथोलिक परिवार रहते हैं।


घटना की सूचना मिलने के करीब दो घंटे के भीतर रायदीघी पुलिस स्टेशन के प्रभारी निरीक्षक (Inspector-in-Charge), द्वितीय अधिकारी और अन्य पुलिसकर्मी घटनास्थल पर पहुंचे। उन्होंने पल्ली पुरोहित और ग्रामीणों से बातचीत की तथा समुदाय को पुलिस की ओर से सहयोग, सुरक्षा और विस्तृत जांच का आश्वासन दिया। पुलिस के प्रभारी निरीक्षक ने क्षतिग्रस्त प्रतिमा के स्थान पर नई प्रतिमा उपलब्ध कराने की पेशकश भी की।


बाद में उसी शाम फादर उज्ज्वल मंडल आठ पल्लीवासियों के साथ पुलिस स्टेशन पहुंचे और घटना के संबंध में औपचारिक शिकायत दर्ज कराई। इसके बाद पुलिस ने प्राथमिकी (FIR) दर्ज की और शिकायत की एक प्रति पल्ली प्रतिनिधियों को सौंप दी।


फादर मंडल के अनुसार, अभी तक इस घटना के संबंध में किसी भी व्यक्ति की पहचान नहीं हो पाई है। पुलिस की जांच जारी है और गांव में स्थिति पूरी तरह नियंत्रण में है।


स्थानीय कलीसिया समुदाय पुलिस जांच के परिणाम की प्रतीक्षा कर रहा है। समुदाय ने आशा व्यक्त की है कि घटना के लिए जिम्मेदार लोगों की पहचान कर उन्हें न्याय के कटघरे में लाया जाएगा।


कैथोलिक कनेक्ट रिपोर्टर द्वारा

अनुवाद : शिवराज बारा

© 2026 CATHOLIC CONNECT POWERED BY ATCONLINE LLP