image

रविवार के मिस्सा बलिदान में प्रवचन क्यों नहीं छोड़ना चाहिए?

4 नवंबर, 2026: कुछ लोगों के लिए प्रवचन ऐसा लग सकता है, मानो वह बाइबल के पाठों और यूखारिस्त के बीच एक विराम हो। कभी-कभी हम देखते हैं कि कुछ लोग अपने मोबाइल फोन देखने लगते हैं, समय पर नज़र डालते हैं या यहाँ तक कि चर्च से बाहर चले जाते हैं, जबकि कुछ लोग प्रवचन को केवल ऐसी चीज़ समझते हैं, जिसे मिस्सा बलिदान के “महत्त्वपूर्ण भाग” तक पहुँचने से पहले सहन करना पड़ता है। लेकिन कलीसिया प्रवचन को एक अलग दृष्टिकोण से देखती है। प्रवचन न तो कोई व्यवधान है और न ही वैकल्पिक चिंतन। यह एक धर्मविधिक कार्य है, वचन की धर्मविधि (Liturgy of the Word) का अभिन्न अंग है और इसे आदर तथा ध्यान के साथ ग्रहण किया जाना चाहिए।


बाइबल के पाठों और प्रवचन के माध्यम से ख्रीस्त का पास्का-रहस्य—उनका दुःखभोग, मृत्यु और पुनरुत्थान—घोषित किया जाता है; जबकि यूखारिस्तीय बलिदान के माध्यम से यही रहस्य संस्कारात्मक रूप में उपस्थित होता है।


प्रवचन धर्मविधि का एक अभिन्न अंग है

रोमन मिस्सल का सामान्य निर्देश (General Instruction of the Roman Missal — GIRM) प्रवचन को धर्मविधि का एक अंग बताता है और सिखाता है कि यह ख्रीस्तीय जीवन के पोषण के लिए आवश्यक है। प्रवचन में पवित्र धर्मग्रंथों के पाठों अथवा मिस्सा के सामान्य क्रम (Ordinary) या विशेष क्रम (Proper) के किसी अन्य पाठ के पहलू को समझाया जाना चाहिए। साथ ही, उस दिन मनाए जा रहे रहस्य और विश्वासियों की विशेष आवश्यकताओं को भी ध्यान में रखना चाहिए।


इसलिए प्रवचन केवल एक भाषण, व्याख्यान या व्यक्तिगत चिंतन नहीं है। यह विश्वासियों को मनाए जा रहे पवित्र रहस्य में और अधिक गहराई से प्रवेश करने में सहायता करता है।


रविवार को प्रवचन क्यों महत्त्वपूर्ण है?

रविवार प्रभु का दिन है। इस दिन कलीसिया विशेष रूप से ईश्वर का वचन सुनने और यूखारिस्त मनाने के लिए एकत्रित होती है। प्रवचन विश्वासियों को यह समझने में सहायता करता है कि मिस्सा बलिदान के पाठ और प्रार्थनाएँ किस प्रकार ख्रीस्त तथा उनके द्वारा किए गए मुक्ति-कार्य को प्रकट करते हैं।


प्रवचन निर्देशिका (Homiletic Directory) समझाती है कि प्रवचन ईश्वर के वचन की घोषणा को यूखारिस्त के उत्सव से जोड़ता है और विश्वासियों को उस सत्य को अपने जीवन में दृढ़ता से बनाए रखने में सहायता करता है, जिसे उन्होंने विश्वास के माध्यम से ग्रहण किया है।


प्रवचन समुदाय को निम्नलिखित बातों में सहायता प्रदान करता है:


* पवित्र धर्मग्रंथों को बेहतर ढंग से समझना।


* यह देखना कि धर्मग्रंथों में कही गई बातें ख्रीस्त में किस प्रकार पूर्ण होती हैं।


* वचन की धर्मविधि और यूखारिस्त की धर्मविधि के बीच संबंध को पहचानना।


* ख्रीस्तीय सिद्धांतों और नैतिक जीवन के संबंध में मार्गदर्शन प्राप्त करना।


* यूखारिस्तीय समारोह में अधिक जागरूकता और फलदायी विश्वास के साथ भाग लेना।


प्रवचन केवल बाइबल की व्याख्या नहीं है

प्रवचन का आधार पवित्र धर्मग्रंथ और उस विशेष समारोह की प्रार्थनाएँ होनी चाहिए, लेकिन यह केवल अकादमिक टिप्पणी या बाइबल का शैक्षणिक व्याख्यान नहीं है।


प्रवचन निर्देशिका इस बात पर बल देती है कि प्रवचन में यह घोषित किया जाना चाहिए कि ईश्वर का वचन आज और इसी समय विश्वासियों के जीवन में किस प्रकार पूर्ण हो रहा है। इसमें धर्मसिद्धांत या नैतिक शिक्षा दी जा सकती है, लेकिन उसका संबंध उस दिन के धर्मग्रंथों के पाठों, प्रार्थनाओं और मनाए जा रहे रहस्य से बना रहना चाहिए।


यदि प्रवचन का विषय उस दिन के पाठों से असंबंधित हो, वह केवल प्रवचनकर्ता की व्यक्तिगत राय पर केंद्रित हो या केवल नैतिक सलाह बनकर रह जाए, तो वह अपने वास्तविक स्वरूप को पर्याप्त रूप से पूरा नहीं करता। प्रवचन में कलीसिया के विश्वास की अभिव्यक्ति होनी चाहिए और उसे विश्वासियों को ख्रीस्त से साक्षात्कार की ओर ले जाना चाहिए।


प्रवचन हमें यूखारिस्त के लिए तैयार करता है

वचन की धर्मविधि और यूखारिस्त की धर्मविधि मिस्सा बलिदान के दो असंबंधित भाग नहीं हैं। दोनों मिलकर ख्रीस्त में ईश्वर के मुक्ति-कार्य की घोषणा करते हैं।


प्रवचन विश्वासियों को ईश्वर के वचन को सुनने से यूखारिस्तीय रहस्य के उत्सव की ओर बढ़ने में सहायता करता है। यह उन्हें इस सत्य को पहचानने के लिए तैयार करता है कि ख्रीस्त का बलिदान केवल अतीत की किसी घटना का स्मरण नहीं है। यूखारिस्तीय बलिदान के माध्यम से ख्रीस्त का पास्का-रहस्य संस्कारात्मक रूप में उपस्थित होता है और विश्वासियों को उसमें सहभागी होने के लिए आमंत्रित किया जाता है।


इसलिए प्रवचन को स्वाभाविक रूप से वेदी की ओर ले जाना चाहिए। यह यूखारिस्त का स्थान नहीं लेता और न ही स्वयं मिस्सा बलिदान का केंद्र बन जाता है। इसके बजाय, यह ईश्वर के वचन की सेवा करता है और विश्वासियों को यूखारिस्तीय समारोह में अधिक पूर्ण रूप से भाग लेने के लिए तैयार करता है।


क्या प्रवचन लंबा होना आवश्यक है?

नहीं। कलीसिया यह अपेक्षा नहीं करती कि प्रवचन बहुत लंबा हो। प्रवचन अच्छी तरह तैयार किया गया, समारोह के अनुरूप और उपस्थित लोगों की आवश्यकताओं के अनुकूल होना चाहिए—न तो बहुत लंबा और न ही बहुत छोटा।


एक संक्षिप्त प्रवचन भी पूरी तरह उपयुक्त हो सकता है, यदि वह धर्मग्रंथों के मुख्य संदेश को स्पष्ट रूप से समझाए और उसे यूखारिस्तीय रहस्य से जोड़े। केवल प्रवचन की अवधि से उसकी प्रभावशीलता निर्धारित नहीं होती।


महत्त्वपूर्ण प्रश्न यह है कि क्या प्रवचन ख्रीस्त की विश्वासयोग्य घोषणा करता है, ईश्वर के वचन को स्पष्ट करता है और विश्वासियों को ख्रीस्तीय विश्वास के अनुसार जीवन जीने में सहायता देता है।


सप्ताह के दिनों में होने वाले मिस्सा बलिदान का क्या?

कलीसिया रविवार और सप्ताह के अन्य दिनों में मनाए जाने वाले मिस्सा बलिदान के बीच अंतर करती है।


रविवार और अनिवार्य पर्वों (Holy Days of Obligation) के मिस्सा बलिदान में सामान्यतः प्रवचन होना चाहिए और किसी गंभीर कारण के बिना इसे छोड़ना उचित नहीं है। सप्ताह के दिनों में होने वाले मिस्सा बलिदान में भी प्रवचन की दृढ़तापूर्वक अनुशंसा की जाती है, विशेषकर आगमन काल (Advent), चालीसा काल (Lent) और पास्का काल (Easter Time) में। हालाँकि, सप्ताह के दिनों में इसकी अनिवार्यता रविवार के मिस्सा बलिदान जैसी नहीं है।


बपतिस्मा, प्रायश्चित्त संबंधी समारोहों, विवाह और अंत्येष्टि जैसे अन्य धर्मविधिक समारोहों में भी उनके स्वरूप के अनुसार प्रवचन देना उचित है।


विश्वासियों की भी एक जिम्मेदारी है

प्रवचन की जिम्मेदारी केवल प्रवचनकर्ता की नहीं है। विश्वासियों को भी आंतरिक विश्वास और खुले हृदय के साथ ध्यानपूर्वक प्रवचन सुनना चाहिए। प्रवचन का मूल्यांकन केवल इस आधार पर नहीं किया जाना चाहिए कि वह कितना मनोरंजक है, प्रवचनकर्ता कितनी प्रभावशाली वाक्पटुता से बोलता है या प्रवचन कितनी देर तक चलता है। साथ ही, यह भी समझना चाहिए कि प्रत्येक प्रवचनकर्ता की अपनी विशेष योग्यताएँ और सीमाएँ होती हैं।


दूसरी ओर, प्रवचनकर्ता की गंभीर जिम्मेदारी है कि वह प्रवचन की अच्छी तैयारी करे, धर्मग्रंथों के पाठों पर प्रार्थनापूर्वक चिंतन करे और कलीसिया के विश्वास की निष्ठापूर्वक घोषणा करे। प्रवचन स्पष्ट, विषय-केंद्रित और समुदाय के सभी लोगों के लिए समझने योग्य होना चाहिए। इसमें बच्चे और वे लोग भी शामिल हैं, जिन्हें धार्मिक शिक्षा का सीमित ज्ञान है।


प्रवचन हमें ख्रीस्तीय जीवन की ओर ले जाता है

प्रवचन का उद्देश्य विश्वासियों के चर्च से बाहर निकलने के साथ समाप्त नहीं हो जाता। ईश्वर के वचन की घोषणा इसलिए की जाती है, ताकि वह विश्वासियों के जीवन को आकार दे सके।


एक अच्छा प्रवचन मन-परिवर्तन, गहरे विश्वास, आराधना और व्यावहारिक प्रेम की ओर ले जाता है। यह ख्रीस्तियों को समझने में सहायता करता है कि मिस्सा बलिदान में मनाया जाने वाला रहस्य सप्ताह भर उनके निर्णयों, संबंधों और जिम्मेदारियों को किस प्रकार प्रभावित करना चाहिए।


प्रवचन मिस्सा बलिदान का केंद्र नहीं है—यूखारिस्तीय बलिदान उसका केंद्र है—फिर भी, प्रवचन एक आवश्यक धर्मविधिक सेवा है, जो धर्मग्रंथों के पाठों को ख्रीस्त के पास्का-रहस्य से जोड़ती है और विश्वासियों को अधिक समझ तथा विश्वास के साथ यूखारिस्त में भाग लेने में सहायता करती है।


प्रवचन इसलिए दिया जाता है कि घोषित किया गया ईश्वर का वचन कलीसिया को वेदी तक ले जाए और वेदी से उसे ऐसे जीवन की ओर भेजे, जो ख्रीस्त द्वारा रूपांतरित हो चुका हो।



कैथोलिक कनेक्ट रिपोर्टर द्वारा

अनुवाद: सिस्टर एम. अल्फोंसा ग्रेशियन, एसआरए


© 2026 CATHOLIC CONNECT POWERED BY ATCONLINE LLP