image

भोपाल महाधर्मप्रांत में तीन दिवसीय बाइबल महोत्सव का आयोजन, रजत जयंती मनाने वाले पुरोहितों का सम्मान

भोपाल, 13 नवंबर 2026: भोपाल महाधर्मप्रांत ने आवर लेडी ऑफ असम्प्शन को-कैथेड्रल चर्च में पांचवें बाइबल महोत्सव का आयोजन किया। तीन दिनों तक चले इस महोत्सव में सैकड़ों श्रद्धालुओं ने भाग लिया। इस दौरान बाइबल पर चिंतन, प्रार्थना, चंगाई और मेल-मिलाप के माध्यम से श्रद्धालुओं को ईश्वर के वचन को अपने जीवन में अपनाने का संदेश दिया गया।


फादर अशोक अलेक्जेंडर और उनकी टीम के नेतृत्व में आयोजित इस महोत्सव का उद्देश्य श्रद्धालुओं को पवित्र शास्त्र से और अधिक गहराई से जुड़ने तथा ईश्वर के वचन को अपने दैनिक जीवन में आत्मसात करने के लिए प्रेरित करना था। भोपाल के महाधर्माध्यक्ष आर्चबिशप दुरैराज, एसवीडी ने सभी प्रतिभागियों का स्वागत किया।


महोत्सव का शुभारंभ पवित्र बाइबल की शोभायात्रा के साथ हुआ। इसके बाद धर्मग्रंथ पर सामूहिक मनन-चिंतन, वचन-साझाकरण और प्रार्थना के सत्र आयोजित किए गए। इस अवसर पर विशेष चंगाई प्रार्थना सभा भी हुई। पहले दिन के समापन पर आयोजित पवित्र मिस्सा की अध्यक्षता महाधर्माध्यक्ष ने की।


दूसरे दिन का मुख्य विषय पाप, पश्चाताप और ईश्वर की दया रहा। बाइबल आधारित चिंतन के दौरान फादर अशोक अलेक्जेंडर ने श्रद्धालुओं को पाप से दूर रहने और पश्चाताप के माध्यम से ईश्वर की ओर लौटने का आह्वान किया। उन्होंने इस बात पर जोर दिया कि पाप से उसी तत्परता से बचना चाहिए, जिस तत्परता से कोई व्यक्ति अपने जीवन के लिए खतरा पैदा करने वाली परिस्थिति से बचता है।


इस अवसर पर कई पुरोहित मेल-मिलाप संस्कार (पापस्वीकार संस्कार) प्रदान करने के लिए उपलब्ध रहे, जिसके माध्यम से सैकड़ों श्रद्धालुओं ने यह संस्कार ग्रहण किया। नागपुर से आए राम भाई ने अपनी विश्वास यात्रा के अनुभव साझा किए और बताया कि जीवन के विभिन्न अनुभवों ने उन्हें किस प्रकार ईश्वर के और करीब पहुंचाया। इसके साथ ही कुछ महिलाओं ने अपने जीवन में चंगाई और ईश्वर की कृपा के अनुभवों की गवाही दी।


दूसरे दिन आयोजित पवित्र मिस्सा की अध्यक्षता महाधर्मप्रांत के विकर जनरल फादर ईश्वरदास मिंज ने की। इस अवसर पर आयोजकों ने फादर अशोक अलेक्जेंडर के सेवाकार्य के प्रति आभार व्यक्त करते हुए उन्हें पुष्पगुच्छ भेंट कर सम्मानित किया।


महोत्सव का अंतिम दिन स्तुति और आराधना के साथ शुरू हुआ। इसका समापन एक विशेष पवित्र मिस्सा के साथ हुआ, जिसकी अध्यक्षता पुरोहिताई की रजत जयंती मना रहे तीन पुरोहितों ने महाधर्माध्यक्ष और धर्मप्रांत के अन्य पुरोहितों के साथ मिलकर की।


इस अवसर पर पुरोहिताई सेवा के 25 वर्ष पूरे करने वाले तीन पुरोहितों को सम्मानित किया गया। इनमें फादर साउंडरराजन, फादर जॉनी कन्निक्कट और फादर हैरिसन कुरियाकोस शामिल हैं। फादर हैरिसन कुरियाकोस वर्तमान में ऑस्ट्रिया में अपनी सेवाएं दे रहे हैं।


फादर जॉनी कन्निक्कट ने अपने संबोधन में पुरोहिताई जीवन के 25 वर्षों के दौरान ईश्वर से प्राप्त मार्गदर्शन और कृपा के लिए आभार व्यक्त किया। उन्होंने अपने बुलावे के प्रति विश्वासयोग्य बने रहने और हर परिस्थिति में ईश्वर की कृपा पर भरोसा रखने के महत्व पर प्रकाश डाला।


महाधर्माध्यक्ष ने तीनों रजत जयंती पुरोहितों को सम्मानित किया। इस खुशी के अवसर पर केक काटकर उत्सव मनाया गया। आयोजकों ने राम भाई और फादर अशोक अलेक्जेंडर की टीम के सदस्यों को भी उनके योगदान के लिए सम्मानित किया।


तीन दिवसीय बाइबल महोत्सव का समापन इस संकल्प के साथ हुआ कि पवित्र शास्त्र को प्रत्येक ईसाई के जीवन का अभिन्न अंग बनाया जाए। श्रद्धालुओं को प्रेरित किया गया कि वे सुसमाचार के संदेश को केवल गिरजाघर तक सीमित न रखें, बल्कि अपने परिवारों और समाज में भी उसके मूल्यों को अपने जीवन और आचरण के माध्यम से साक्ष्य दें।


— कैथोलिक कनेक्ट रिपोर्टर द्वारा

अनुवाद : शिवराज बारा

© 2026 CATHOLIC CONNECT POWERED BY ATCONLINE LLP