- 20 November, 2026
20 नवंबर, 2026: हमने पवित्र मिस्सा में इस दृश्य को अनगिनत बार देखा है। पुरोहित रोटी और दाखरस को ग्रहण करते हैं, धन्यवाद अर्पित करते हैं और उन्हें पवित्र संस्कार में परिवर्तित करते हैं। हम उन शब्दों को जानते हैं। हम यह भी जानते हैं कि कैथोलिक कलीसिया वेदी पर होने वाले इस रहस्य के बारे में क्या विश्वास करती है। लेकिन क्या हमने कभी एक सरल, फिर भी गहरे प्रश्न पर विचार किया है: यीशु ने रोटी और दाखरस को ही क्यों चुना?
हम प्रायः अंतिम भोज की घटना सुनते हैं, लेकिन इन दो साधारण वस्तुओं में छिपे गहरे अर्थ को कभी-कभी समझ नहीं पाते। यदि हम थोड़ा गहराई से विचार करें, तो रोटी और दाखरस हमें सृष्टि, मानवीय परिश्रम, बलिदान, सहभागिता और स्वयं मसीह के प्रेम के वास्तविक स्वरूप के बारे में बहुत कुछ सिखाते हैं।
1. तोड़ी गई रोटी और अर्पित किया गया दाखरस
सबसे पहले हम इस बात पर ध्यान दें कि रोटी और दाखरस के साथ क्या होता है। रोटी तोड़ी जाती है और बाँटी जाती है। दाखरस प्याले में उँडेला जाता है और अर्पित किया जाता है।
ये दोनों क्रियाएँ मसीह के पूर्ण आत्म-समर्पण की ओर संकेत करती हैं। अंतिम भोज में यीशु अपने शिष्यों को रोटी देते हुए कहते हैं कि यह उनका शरीर है और प्याला देते हुए कहते हैं कि यह उनका रक्त है। इस प्रकार वे उस बलिदान की पूर्व घोषणा करते हैं, जिसे वे क्रूस पर मानव जाति के उद्धार के लिए अर्पित करने वाले थे।
इसलिए यूखारिस्त केवल मसीह को याद करने का एक अवसर नहीं है, बल्कि यह उस एकमात्र बलिदान को संस्कारात्मक रूप में वर्तमान करता है, जिसमें मसीह संसार के उद्धार के लिए स्वयं को पूर्ण रूप से अर्पित करते हैं।
यूखारिस्त हमें ग्रहण करने से पहले ही प्रेम का एक गहरा संदेश सिखाता है:
सच्चा प्रेम स्वयं को दूसरों के लिए अर्पित करता है।
2. अनेक दाने, एक ही रोटी
रोटी में एक और सुंदर यूखारिस्तीय रहस्य छिपा हुआ है।
रोटी अनेक गेहूँ के दानों से बनती है और इस प्रकार वह एकता का गहरा प्रतीक बन जाती है। संत पौलुस लिखते हैं:
“क्योंकि रोटी एक ही है, इसलिए हम, जो अनेक हैं, एक ही शरीर हैं।” (1 कुरिन्थियों 10:17)
इसका अर्थ है कि यूखारिस्त केवल एक व्यक्ति और यीशु के बीच का व्यक्तिगत और आत्मीय संबंध नहीं है। जब हम एक ही यूखारिस्तीय मसीह को ग्रहण करते हैं, तो हम उनके रहस्यमय शरीर अर्थात् कलीसिया के साथ और अधिक गहरी सहभागिता में जुड़ जाते हैं।
हम अनेक व्यक्ति होते हुए भी अपनी अलग-अलग पहचान नहीं खोते, बल्कि एक ही मसीह में एकता के सूत्र में बँध जाते हैं।
इसीलिए यूखारिस्त कलीसिया की एकता और सहभागिता से कभी अलग नहीं हो सकता।
3. सृष्टि के उपहार, जिन्हें मानव हाथों ने सँवारा
एक और महत्वपूर्ण बात है, जिस पर हम शायद हर बार ध्यान नहीं देते, जब रोटी और दाखरस वेदी पर अर्पित किए जाते हैं।
रोटी और दाखरस सृष्टि से प्राप्त होते हैं, लेकिन इनके निर्माण में मनुष्य का परिश्रम भी जुड़ा होता है।
गेहूँ की खेती की जाती है, उसे काटा जाता है और उससे रोटी बनाई जाती है। अंगूर की बेलें उगाई जाती हैं, अंगूरों को इकट्ठा किया जाता है और उनसे दाखरस तैयार किया जाता है। इस प्रकार जो कुछ ईश्वर के उपहार के रूप में आरंभ होता है, उसे मनुष्य अपने परिश्रम से सँवारता है और फिर ईश्वर को अर्पित करता है।
इससे भेंट अर्पित करने की क्रिया का अर्थ और भी गहरा हो जाता है। कलीसिया ईश्वर को ऐसी कोई वस्तु अर्पित नहीं करती, जिसे मनुष्य ने ईश्वर से स्वतंत्र होकर बनाया हो। संपूर्ण सृष्टि ईश्वर का उपहार है। फिर भी मनुष्य को बुलाया गया है कि वह इन उपहारों को सँवारकर और विकसित करके ईश्वर की सृजनात्मक योजना में सहभागी बने।
यूखारिस्तीय समारोह में यही रोटी और दाखरस मसीह की संस्कारात्मक उपस्थिति के रूप में परिवर्तित हो जाते हैं।
इस प्रकार यूखारिस्त कैथोलिक विश्वास के एक मूलभूत सत्य को प्रकट करता है:
ईश्वर का अनुग्रह भौतिक सृष्टि और मानवीय सहयोग के माध्यम से कार्य करता है।
4. एक ऐसा भोज, जो हमें इससे भी आगे ले जाता है
रोटी और दाखरस भोजन और मेज की भाषा से भी जुड़े हुए हैं।
भोजन केवल अपनी भूख मिटाने या शरीर को पोषण देने के लिए नहीं होता। भोजन संबंध, सहभागिता और अपनत्व का प्रतीक भी है। एक साथ भोजन करना वास्तव में एक-दूसरे के जीवन में सहभागी होना है।
यीशु ने यूखारिस्त की स्थापना किसी अलग-थलग धार्मिक विधि के रूप में नहीं की। उन्होंने इसे अपने शिष्यों के साथ पास्का भोज के दौरान स्थापित किया। यह उनके शिष्यों के साथ गहरे संबंध और आत्मीय सहभागिता का क्षण था। उन्होंने उन्हें आदेश दिया कि वे उनके द्वारा दिए गए इस संस्कार को आगे भी मनाते रहें।
लेकिन यूखारिस्तीय भोज केवल पृथ्वी पर एक मेज तक सीमित नहीं है। पवित्र शास्त्र में बार-बार स्वर्गीय भोज और दावत का उल्लेख मिलता है, जो ईश्वर के राज्य की पूर्णता का प्रतीक है।
इस प्रकार यूखारिस्त हमें उस भावी स्वर्गीय सहभागिता का पूर्वस्वाद देता है, जिसमें हम ईश्वर के साथ अनंत जीवन और पूर्ण एकता का अनुभव करेंगे।
5. रोटी और दाखरस का अपना विशेष अर्थ
इन सभी गहरे संबंधों को समझने के बाद ही हम रोटी और दाखरस के चुनाव का वास्तविक महत्व समझ सकते हैं।
यीशु स्वयं को “जीवन की रोटी” कहते हैं।
“जीवन की रोटी मैं हूँ। जो मेरे पास आता है, वह कभी भूखा नहीं रहेगा।” (योहन 6:35)
रोटी हमारे जीवन को बनाए रखती है और हमें शारीरिक पोषण देती है। इसी प्रकार मसीह स्वयं को सच्चे आध्यात्मिक भोजन के रूप में प्रदान करते हैं, जो हमें दिव्य जीवन प्रदान करता है।
दाखरस आनंद और उत्सव का प्रतीक है, लेकिन अंतिम भोज में यीशु इस प्याले को और भी गहरा अर्थ देते हैं। वे कहते हैं:
“यह प्याला मेरे रक्त में स्थापित नई वाचा है।” (लूकस 22:20)
इसलिए यह प्याला सीधे तौर पर उनके बलिदानी मृत्यु और उनके द्वारा स्थापित नई वाचा की ओर संकेत करता है।
रोटी और दाखरस का चुनाव बाइबिल की पूरी आध्यात्मिक परंपरा से भी जुड़ा हुआ है। रोटी हमें उस मन्ना की याद दिलाती है, जिसके द्वारा ईश्वर ने मरुभूमि में इस्राएलियों का पोषण किया था। यह पास्का पर्व की अखमीरी रोटी की भी याद दिलाती है।
इसी प्रकार दाखरस और आशीष का प्याला यहूदी भोजन परंपरा का हिस्सा थे। इसी परंपरा के संदर्भ में यीशु ने यूखारिस्त की स्थापना की।
6. तो फिर यीशु ने रोटी और दाखरस को ही क्यों चुना?
शायद इसका उत्तर केवल एक कारण में नहीं छिपा है।
रोटी और दाखरस अपने भीतर अनेक आध्यात्मिक अर्थों को समेटे हुए हैं। इनके माध्यम से यूखारिस्त सृष्टि और मानवीय परिश्रम, पोषण और आनंद, बलिदान और सहभागिता, पास्का और नई वाचा, पृथ्वी के भोज और स्वर्गीय भोज—इन सभी को एक साथ जोड़ता है।
और इन सभी रहस्यों के केंद्र में स्वयं मसीह उपस्थित हैं।
अंततः यूखारिस्त केवल रोटी और दाखरस के विषय में नहीं है, बल्कि यह यीशु के स्वयं को हमारे लिए अर्पित करने के प्रेम का रहस्य है।
अगली बार जब आप पवित्र मिस्सा में रोटी को तोड़े जाते हुए और दाखरस के प्याले को उठाए जाते हुए देखें, तो केवल अपनी आँखों से दिखाई देने वाली वस्तुओं तक सीमित न रहें। उन परिचित क्रियाओं के पीछे छिपे असाधारण रहस्य को समझने का प्रयास करें।
ये क्रियाएँ हमें एक महान सत्य की घोषणा करती हैं: वही मसीह, जिन्होंने क्रूस पर स्वयं को हमारे लिए अर्पित किया, आज भी संस्कार के माध्यम से स्वयं को अपनी प्रजा को प्रदान करते हैं और उन्हें अपने साथ तथा एक-दूसरे के साथ गहरी सहभागिता में जोड़ते हैं।
ईश्वर ने साधारण वस्तुओं—रोटी, दाखरस, मानव हाथों के परिश्रम और एक साथ भोजन करने की परंपरा—को चुना, ताकि उनके असाधारण प्रेम को प्रकट किया जा सके।
यह ऐसा प्रेम है, जो टूटता है, उँडेला जाता है, बाँटा जाता है और स्वयं को पूरी तरह अर्पित कर देता है।
यूखारिस्त हमें सिखाता है कि सच्चा प्रेम अपने लिए नहीं, बल्कि दूसरों के लिए जीता है। जिस प्रकार रोटी टूटकर अनेक लोगों का पोषण करती है और दाखरस अर्पित किया जाता है, उसी प्रकार हमारा जीवन भी दूसरों के लिए प्रेम, सेवा, त्याग और करुणा का स्रोत बने।
जब हम मसीह के शरीर और रक्त को ग्रहण करते हैं, तो हम केवल मसीह को अपने भीतर स्वीकार नहीं करते, बल्कि उनके समान बनने और उनके प्रेम को संसार में बाँटने की जिम्मेदारी भी स्वीकार करते हैं।
आइए, हम प्रार्थना करें कि यूखारिस्त से पोषित होकर हमारा जीवन भी एक ऐसी रोटी बने, जिसे हम दूसरों के साथ बाँट सकें, और ऐसा प्रेम बने, जिसे हम निःस्वार्थ भाव से दूसरों के लिए अर्पित कर सकें। आमेन।
कैथोलिक कनेक्ट रिपोर्टर द्वारा
अनुवाद: सिस्टर एम. अल्फोंसा ग्रेशियन, एसआरए
© 2026 CATHOLIC CONNECT POWERED BY ATCONLINE LLP