- 20 November, 2026
नवंबर 17, 2026: हमने पवित्र मिस्सा में इस दृश्य को अनगिनत बार देखा है। पुरोहित रोटी और दाखरस ग्रहण करते हैं, धन्यवाद अर्पित करते हैं और उन्हें पवित्र संस्कार में परिणत करते हैं। हम उन शब्दों को जानते हैं। हम यह भी जानते हैं कि कैथोलिक कलीसिया वेदी पर होने वाले इस रहस्य के बारे में क्या विश्वास करती है। लेकिन क्या हमने कभी एक सरल, फिर भी गहरे प्रश्न पर विचार किया है: यीशु ने रोटी और दाखरस को ही क्यों चुना?
हम अक्सर अंतिम भोज की घटना सुनते हैं, लेकिन इन दो साधारण वस्तुओं में छिपे गहरे अर्थ को आसानी से अनदेखा कर देते हैं। यदि हम थोड़ा गहराई से विचार करें, तो रोटी और दाखरस हमें सृष्टि, मानवीय परिश्रम, बलिदान, सहभागिता और स्वयं मसीह के प्रेम के वास्तविक स्वरूप के बारे में बहुत कुछ बताते हैं।
1. तोड़ी गई रोटी और उँडेला गया दाखरस
सबसे पहले, हम इस बात पर ध्यान दें कि इन दोनों वस्तुओं के साथ क्या होता है। रोटी तोड़ी जाती है और बाँटी जाती है। दाखरस उँडेला जाता है।
ये क्रियाएँ मसीह के पूर्ण आत्म-समर्पण की ओर संकेत करती हैं। अंतिम भोज में यीशु अपने शिष्यों को रोटी देते हुए उसे अपना शरीर और प्याला देते हुए उसे अपना रक्त बताते हैं। इस प्रकार वे उस बलिदान की पूर्व घोषणा करते हैं, जिसे वे क्रूस पर अर्पित करने वाले थे।
इसलिए यूखारिस्त केवल मसीह को याद करने का अवसर नहीं है। यह उस एकमात्र बलिदान को संस्कारात्मक रूप से वर्तमान करता है, जिसमें मसीह संसार के उद्धार के लिए स्वयं को अर्पित करते हैं।
यूखारिस्त हमें इसे ग्रहण करने से पहले ही प्रेम के बारे में एक महत्वपूर्ण बात सिखाता है: प्रेम स्वयं को अर्पित करता है।
2. अनेक दाने, एक ही रोटी
रोटी में एक और सुंदर यूखारिस्तीय संबंध छिपा हुआ है।
रोटी अनाज के दानों से बनती है और इस प्रकार यूखारिस्त एकता का गहरा प्रतीक बन जाता है। संत पौलुस लिखते हैं:
“क्योंकि रोटी एक ही है, इसलिए हम, जो अनेक हैं, एक ही शरीर हैं।” (1 कुरिन्थियों 10:17)
इसका अर्थ है कि यूखारिस्त केवल एक व्यक्ति और यीशु के बीच का गहरा व्यक्तिगत क्षण नहीं है। जब हम एक ही यूखारिस्तीय मसीह को ग्रहण करते हैं, तो हम उनके शरीर अर्थात् कलीसिया के साथ और अधिक गहरी सहभागिता में जुड़ जाते हैं।
अनेक लोग अनेक ही बने रहते हैं, लेकिन वे एक ही मसीह में एकजुट हो जाते हैं।
इसीलिए यूखारिस्त कलीसिया की सहभागिता और एकता से अलग नहीं किया जा सकता।
3. सृष्टि के उपहार, जिन्हें मानवीय हाथों ने सँवारा
एक और ऐसी बात है, जिस पर हम शायद हर बार ध्यान नहीं देते, जब भेंट अर्पित करने के लिए रोटी और दाखरस वेदी पर लाए जाते हैं।
रोटी और दाखरस सृष्टि से प्राप्त होते हैं, लेकिन इनके निर्माण में मानवीय परिश्रम भी शामिल होता है।
गेहूँ की खेती की जाती है, उसकी कटाई की जाती है और उससे रोटी बनाई जाती है। अंगूर उगाए जाते हैं, उन्हें इकट्ठा किया जाता है और उनसे दाखरस तैयार किया जाता है। जो कुछ ईश्वर के उपहार के रूप में आरंभ होता है, उसे मनुष्य अपने परिश्रम से सँवारता है और फिर ईश्वर को अर्पित करता है।
इससे भेंट अर्पित करने की क्रिया का अर्थ और भी गहरा हो जाता है। कलीसिया ईश्वर को ऐसी कोई वस्तु अर्पित नहीं करती, जिसे मानवता ने उनसे स्वतंत्र होकर बनाया हो। स्वयं सृष्टि ईश्वर का उपहार है। फिर भी मनुष्य को ईश्वर के साथ मिलकर इन उपहारों को सँवारने और रूपांतरित करने के लिए बुलाया गया है।
यूखारिस्तीय समारोह में रोटी और दाखरस मसीह की संस्कारात्मक उपस्थिति में परिणत हो जाते हैं।
इस प्रकार यूखारिस्त कैथोलिक विश्वास के एक मूलभूत सत्य को प्रकट करता है: ईश्वर का अनुग्रह भौतिक सृष्टि और मानवीय सहयोग के माध्यम से कार्य करता है।
4. एक ऐसा भोज, जो हमें इससे भी आगे ले जाता है
रोटी और दाखरस भोजन और मेज की भाषा से भी जुड़े हुए हैं।
भोजन केवल खाना खाने के बारे में नहीं है। यह संबंध, सहभागिता और अपनत्व का प्रतीक है। एक साथ भोजन करना वास्तव में एक-दूसरे के जीवन में सहभागी होना है।
यीशु ने यूखारिस्त की स्थापना किसी अलग-थलग धार्मिक विधि के रूप में नहीं की। उन्होंने इसे अपने शिष्यों के साथ पास्का भोज के दौरान, उनके साथ अपने संबंधों के संदर्भ में स्थापित किया और उन्हें आदेश दिया कि वे उनके द्वारा दिए गए इस संस्कार को आगे भी मनाते रहें।
इसके साथ ही, यूखारिस्तीय भोज पृथ्वी पर एक मेज तक सीमित नहीं है। पवित्र शास्त्र में बार-बार भोज और दावत के प्रतीकों के माध्यम से ईश्वर के राज्य की पूर्णता का उल्लेख मिलता है। यूखारिस्त कलीसिया को ईश्वर के साथ उस वादा किए गए स्वर्गीय सहभागिता का पूर्वस्वाद प्रदान करता है।
5. रोटी और दाखरस का अपना विशेष अर्थ
इन व्यापक संबंधों को समझने के बाद ही हम इन तत्वों के वास्तविक महत्व को समझ सकते हैं।
यीशु स्वयं को “जीवन की रोटी” कहते हैं (योहन 6:35)। रोटी जीवन को बनाए रखती है और मसीह स्वयं को सच्चे भोजन के रूप में प्रदान करते हैं, जो हमें दिव्य जीवन प्रदान करता है।
दाखरस उत्सव और आनंद का प्रतीक है, लेकिन अंतिम भोज में यीशु प्याले को और भी गहरा अर्थ देते हैं। वे कहते हैं: “यह प्याला मेरे रक्त में स्थापित नई वाचा है” (लूकस 22:20)। इसलिए यह प्याला सीधे तौर पर उनकी बलिदानी मृत्यु और उनके द्वारा स्थापित नई वाचा की ओर संकेत करता है।
रोटी और दाखरस का चुनाव बाइबिल की पूरी आध्यात्मिक परंपरा से भी जुड़ा हुआ है। रोटी हमें उस मन्ना की याद दिलाती है, जिसके द्वारा ईश्वर ने मरुभूमि में इस्राएलियों का पोषण किया था। यह पास्का पर्व की अखमीरी रोटी की भी याद दिलाती है।
इसी प्रकार, दाखरस और आशीष का प्याला यहूदी भोजन परंपरा का हिस्सा हैं, जिसके संदर्भ में यीशु ने यूखारिस्त की स्थापना की।
6. तो फिर यीशु ने रोटी और दाखरस को ही क्यों चुना?
शायद इसका उत्तर केवल एक कारण में नहीं छिपा है।
रोटी और दाखरस अपने भीतर अनेक आध्यात्मिक अर्थों को समेटे हुए हैं। इनके माध्यम से यूखारिस्त सृष्टि और मानवीय परिश्रम, पोषण और उत्सव, बलिदान और सहभागिता, पास्का और नई वाचा, पृथ्वी के भोज और स्वर्गीय भोज—इन सभी को एक साथ जोड़ता है।
और इन सभी के केंद्र में स्वयं मसीह उपस्थित हैं।
अंततः यूखारिस्त केवल रोटी और दाखरस के विषय में नहीं है। यह यीशु के स्वयं को हमारे लिए अर्पित करने का रहस्य है।
अगली बार जब आप पवित्र मिस्सा में रोटी को तोड़े जाते हुए और प्याले को उठाए जाते हुए देखें, तो केवल अपनी आँखों से दिखाई देने वाली वस्तुओं तक सीमित न रहें। उन परिचित क्रियाओं के पीछे छिपे असाधारण रहस्य को समझने का प्रयास करें। ये क्रियाएँ एक महान सत्य की घोषणा करती हैं: जिन्होंने क्रूस पर स्वयं को अर्पित किया, वही मसीह आज भी संस्कार के माध्यम से अपनी प्रजा को स्वयं प्रदान करते हैं और उन्हें अपने साथ तथा एक-दूसरे के साथ सहभागिता में जोड़ते हैं।
ईश्वर ने साधारण वस्तुओं—रोटी, दाखरस, मानवीय हाथों और एक साथ भोजन करने की परंपरा—को चुना, ताकि अपने असाधारण प्रेम को प्रकट कर सकें। यह ऐसा प्रेम है, जो तोड़ा जाता है, उँडेला जाता है, बाँटा जाता है और पूरी तरह अर्पित कर दिया जाता है।
कैथोलिक कनेक्ट रिपोर्टर द्वारा
अनुवाद: सिस्टर एम. अल्फोंसा ग्रेशियन, एसआरए
© 2026 CATHOLIC CONNECT POWERED BY ATCONLINE LLP