image

हर पवित्र मिस्सा में जब हम “पवित्र, पवित्र, पवित्र” गाते हैं, तब वास्तव में क्या होता है?

19 नवंबर, 2026: कल्पना कीजिए कि कोई आपको बताए कि एक ऐसा स्थान है जहाँ मनुष्य और स्वर्गदूत एक साथ मिलकर एक ही स्वर में ईश्वर की स्तुति करते हैं। क्या लोग उस स्थान पर जाने के लिए उत्सुक नहीं होंगे? क्या हम स्वयं वहाँ जाकर यह अनुभव नहीं करना चाहेंगे कि स्वर्ग और पृथ्वी एक साथ मिलकर ईश्वर की महिमा का गुणगान कर रहे हैं?


लेकिन यदि मैं आपसे कहूँ कि इस अनुभव के लिए आपको कहीं यात्रा करने की आवश्यकता नहीं है, तो क्या आप विश्वास करेंगे? यह हर पवित्र मिस्सा में होता है। और वह भी हमारे अपने पल्ली गिरजाघर में!


जब हम ध्यानपूर्वक सुनते हैं कि पुरोहित पवित्र मिस्सा में “पवित्र, पवित्र, पवित्र” गाने से ठीक पहले क्या कहते हैं, तो हम पाते हैं कि वे हमें “स्वर्गदूतों, प्रधान स्वर्गदूतों और स्वर्ग की समस्त स्वर्गीय सेना” के साथ मिलकर ईश्वर की महिमा का गुणगान करने के लिए आमंत्रित करते हैं। इसके बाद हम गाते हैं: “पवित्र, पवित्र, पवित्र, प्रभु सेनाओं के ईश्वर...”


हममें से बहुतों के लिए ये शब्द इतने परिचित हो गए हैं कि हम बिना अधिक सोचे-समझे इन्हें केवल एक परंपरा के रूप में दोहराते रहते हैं। लेकिन एक क्षण रुककर विचार कीजिए: वास्तव में हम क्या कर रहे हैं?


हम स्वर्ग की आराधना में सहभागी बन रहे हैं!

Sanctus (पवित्र, पवित्र, पवित्र) केवल मिस्सा के बीच गाया जाने वाला एक साधारण भजन नहीं है। यह यूखारिस्तीय प्रार्थना का एक अभिन्न अंग है, जिसमें विश्वासी स्वर्ग की स्वर्गीय शक्तियों के साथ मिलकर ईश्वर की स्तुति करते हैं।


हम तीन बार “पवित्र” क्यों कहते हैं?

इन शब्दों का स्रोत नबी यशायाह का स्वर्गीय दर्शन है। उन्होंने देखा कि ईश्वर के सिंहासन के चारों ओर सराफिम खड़े थे और वे एक-दूसरे को पुकारकर कह रहे थे:


“पवित्र, पवित्र, पवित्र, सेनाओं के प्रभु! सारी पृथ्वी उनकी महिमा से परिपूर्ण है।” (यशायाह 6:3)


तीन बार “पवित्र” शब्द की पुनरावृत्ति ईश्वर की परम पवित्रता, महानता और महिमा को प्रकट करती है। यह ख्रीस्तीय विश्वासियों को पवित्र त्रित्व—पिता, पुत्र और पवित्र आत्मा—की भी याद दिला सकती है। हालांकि, बाइबिल में इसका मुख्य अर्थ ईश्वर की असीम और अद्वितीय पवित्रता को व्यक्त करना है।


इसी प्रकार की तीन बार की स्तुति हमें प्रकाशना ग्रंथ में वर्णित स्वर्गीय आराधना में भी दिखाई देती है।


यहाँ एक और महत्वपूर्ण बात पर विचार करना आवश्यक है: क्या हम मिस्सा के इस भाग में कोई भी ऐसा भजन गा सकते हैं जिसमें “पवित्र, पवित्र, पवित्र” शब्द आते हों?


नहीं! Sanctus केवल एक सुंदर भजन नहीं है जिसे मनमाने ढंग से चुना गया हो। यह यूखारिस्तीय प्रार्थना के भीतर एक विशेष धर्मविधिक उद्घोषणा है, जिसकी जड़ें पवित्र शास्त्र और कलीसिया की आराधना परंपरा में गहराई से स्थापित हैं।


इसलिए जब पुरोहित कहते हैं कि हम स्वर्गदूतों और स्वर्ग की समस्त स्वर्गीय सेना के साथ मिलकर ईश्वर की स्तुति कर रहे हैं, तो वे केवल काव्यात्मक भाषा का प्रयोग नहीं कर रहे होते। वे हमें बता रहे होते हैं कि धर्मविधि में वास्तव में क्या घटित हो रहा है। और फिर हम भी उस स्वर्गीय स्तुति में अपनी आवाज़ मिलाते हैं।


“होसन्ना, सर्वोच्च स्वर्ग में” का क्या अर्थ है?

इसके बाद हम एक और सुंदर उद्घोषणा गाते हैं, जिसे हम अक्सर बिना उसके गहरे अर्थ पर विचार किए दोहराते हैं:


“होसन्ना, सर्वोच्च स्वर्ग में!”


“होसन्ना” शब्द का मूल इब्रानी अर्थ है—“हे प्रभु, कृपया हमारा उद्धार कीजिए” या “हे प्रभु, हमें मुक्ति प्रदान कीजिए।”


समय के साथ यह शब्द आनंद, स्तुति और हर्षपूर्ण जयघोष की अभिव्यक्ति बन गया।


इसीलिए जब यीशु यरूशलेम में प्रवेश कर रहे थे, तब भीड़ ने पुकारकर कहा था:


“दाऊद के पुत्र को होसन्ना! धन्य हैं वे, जो प्रभु के नाम पर आते हैं! सर्वोच्च स्वर्ग में होसन्ना!” (मत्ती 21:9)


लोगों की यह पुकार केवल स्वागत का जयघोष नहीं थी, बल्कि इसमें उद्धार की गहरी आशा और मुक्ति की लालसा भी छिपी हुई थी।


पवित्र मिस्सा में इसके बाद हम गाते हैं:


“धन्य हैं वे, जो प्रभु के नाम पर आते हैं।”


ये शब्द भजन संहिता 118 से लिए गए हैं। यरूशलेम में प्रवेश करते समय लोगों ने इन्हीं शब्दों से यीशु का स्वागत किया था।


मिस्सा में ये शब्द हमारे लिए मसीह के प्रति आनंदपूर्ण स्वागत और विश्वास की उद्घोषणा बन जाते हैं। हम यूखारिस्त के रहस्य में और अधिक गहराई से प्रवेश करते हुए प्रभु यीशु का स्वागत करते हैं।


इस प्रकार, “होसन्ना, सर्वोच्च स्वर्ग में” केवल स्तुति का एक साधारण वाक्य नहीं है। इसमें उद्धार के लिए हमारी पुकार भी है और उस प्रभु को पहचानने का आनंद भी है, जो हमारा उद्धार करने आते हैं।


इसलिए Sanctus की प्रार्थना हमें एक गहरी आध्यात्मिक यात्रा पर ले जाती है:


- ईश्वर की पवित्रता से आरंभ होती है।

- स्वर्ग और पृथ्वी में उनकी महिमा की घोषणा करती है।

- उद्धार के लिए हमारी पुकार को व्यक्त करती है।

- और अंत में उस मसीह का स्वागत करती है, जो प्रभु के नाम पर आते हैं।


अगली बार जब आप “पवित्र, पवित्र, पवित्र” गाएँ...


अगली बार जब पुरोहित कहते हैं कि हम “स्वर्गदूतों, प्रधान स्वर्गदूतों और स्वर्ग की समस्त स्वर्गीय सेना” के साथ मिलकर ईश्वर की स्तुति कर रहे हैं, तो उन शब्दों को ध्यानपूर्वक सुनिए।


और जब आप “पवित्र, पवित्र, पवित्र” गाएँ, तो इस परिचित प्रार्थना को कभी भी साधारण न समझें।


याद रखिए, उस क्षण आप केवल अपने पल्ली के विश्वासियों के साथ नहीं गा रहे होते, बल्कि अपनी आवाज़ स्वर्ग की स्वर्गीय आराधना में मिला रहे होते हैं।


कितना अद्भुत और गहरा है यह रहस्य! हम पृथ्वी पर खड़े होकर स्वर्ग की आराधना में सहभागी बनते हैं। हमारी छोटी-सी आवाज़ स्वर्गदूतों की स्तुति के साथ एक हो जाती है।


शायद यही कारण है कि पावन पावन (Sanctus) हमारी विशेष श्रद्धा, विस्मय और पूर्ण सहभागिता का अधिकारी है।


क्योंकि जब हम वास्तव में समझ लेते हैं कि हम क्या गा रहे हैं, तो “पवित्र, पवित्र, पवित्र” पवित्र मिस्सा का केवल एक सामान्य भाग नहीं रह जाता, बल्कि स्वर्ग और पृथ्वी को जोड़ने वाली एक दिव्य आराधना का अनुभव बन जाता है।


आइए, अगली बार जब हम यह स्तुति गाएँ, तो केवल अपने होंठों से नहीं, बल्कि पूरे हृदय, श्रद्धा और प्रेम से गाएँ। क्योंकि उस क्षण हमारा हृदय स्वर्ग की आराधना में सहभागी होता है!


कैथोलिक कनेक्ट रिपोर्टर द्वारा

अनुवाद: सिस्टर एम. अल्फोंसा ग्रेशियन, एसआरए

© 2026 CATHOLIC CONNECT POWERED BY ATCONLINE LLP