- 03 August, 2026
बांसवाड़ा, राजस्थान, 31 जुलाई 2026: उदयपुर धर्मप्रांत ने संत पॉल्स सीनियर सेकेंडरी स्कूल, बांसवाड़ा के छात्रों से जुड़ी सड़क दुर्घटना में एक छात्र की मृत्यु और कई अन्य छात्रों के घायल होने के बाद शांति, संयम और सांप्रदायिक सौहार्द बनाए रखने की अपील की है।
31 जुलाई को जारी अपने आधिकारिक बयान में धर्मप्रांत ने इस दुखद घटना पर गहरा शोक व्यक्त किया तथा मृतक छात्र के परिवार और घायल विद्यार्थियों के प्रति अपनी संवेदना प्रकट करते हुए उनके लिए प्रार्थना और हरसंभव सहयोग का आश्वासन दिया।
धर्मप्रांत के अनुसार, यह दुर्घटना 29 जुलाई को स्कूल परिसर से लगभग एक किलोमीटर दूर हुई, जब छात्रों को ले जा रही एक मारुति वैन सड़क किनारे खड़े एक ट्रक से टकरा गई। धर्मप्रांत ने स्पष्ट किया कि यह वाहन छात्रों के अभिभावकों द्वारा निजी रूप से किराए पर लिया गया था, क्योंकि स्कूल स्वयं परिवहन सुविधा उपलब्ध नहीं कराता है।
इस दुर्घटना में एक छात्र की घटनास्थल पर ही मृत्यु हो गई, जबकि एक अन्य छात्र गंभीर रूप से घायल हुआ। इसके अलावा कई अन्य छात्रों को भी मामूली चोटें आईं।
दुर्घटना की सूचना मिलते ही स्कूल के कर्मचारी और स्थानीय निवासी तुरंत घटनास्थल पर पहुँचे तथा घायलों को अस्पताल पहुँचाने में सहायता की।
दुर्घटना के बाद बांसवाड़ा में कुछ समूहों ने विरोध प्रदर्शन किया और स्कूल प्रशासन पर लापरवाही के आरोप लगाए। हालांकि, धर्मप्रांत ने कहा कि दुर्घटनाग्रस्त वाहन की व्यवस्था या संचालन में स्कूल की कोई भूमिका नहीं थी।
धर्मप्रांत ने यह भी आरोप लगाया कि बाद में इस घटना को धार्मिक परिवर्तन (धर्मांतरण) जैसे असंबंधित आरोपों से जोड़कर देखा गया तथा स्कूल प्रशासन के विरुद्ध प्रदर्शन और सोशल मीडिया अभियानों के माध्यम से माहौल को प्रभावित करने का प्रयास किया गया।
स्थिति में तनाव बढ़ने पर जिला कलेक्टर तथा अन्य प्रशासनिक अधिकारियों ने स्कूल प्रतिनिधियों, सामुदायिक नेताओं और अन्य संबंधित पक्षों के साथ बैठकें कीं ताकि कानून-व्यवस्था बनाए रखी जा सके और सामान्य स्थिति बहाल हो।
इस दौरान प्रदर्शनकारियों के एक समूह ने स्कूल के बाहर एकत्र होकर अपनी मांगों का ज्ञापन भी सौंपा। जिला प्रशासन और स्कूल प्रबंधन के साथ हुई चर्चा के बाद प्रदर्शन वापस ले लिया गया, हालांकि कुछ समूहों ने चेतावनी दी कि यदि उनकी मांगें पूरी नहीं हुईं तो वे अपना आंदोलन जारी रखेंगे।
धर्मप्रांत ने जिला प्रशासन और पुलिस की त्वरित कार्रवाई की सराहना करते हुए छात्रों, कर्मचारियों और आम नागरिकों की सुरक्षा सुनिश्चित करने तथा शांति बनाए रखने के लिए उनका धन्यवाद किया।
उदयपुर धर्मप्रांत द्वारा वर्ष 1979 में स्थापित संत पॉल्स सीनियर सेकेंडरी स्कूल पिछले चार दशकों से अधिक समय से क्षेत्र में शिक्षा प्रदान कर रहा है। वर्तमान में इस विद्यालय में 2,250 से अधिक छात्र अध्ययनरत हैं।
अपने बयान के अंत में धर्मप्रांत ने सभी लोगों से संयम बरतने की अपील करते हुए कहा कि इस दुखद घटना का उपयोग किसी भी प्रकार की भ्रामक जानकारी फैलाने या सांप्रदायिक विभाजन पैदा करने के लिए नहीं किया जाना चाहिए। धर्मप्रांत ने सभी से मृतक छात्र के परिवार का सहयोग करने, दिवंगत आत्मा और घायल छात्रों के लिए प्रार्थना करने तथा शांति, न्याय और सांप्रदायिक सद्भाव को बनाए रखने के लिए मिलकर कार्य करने का आग्रह किया।
— कैथोलिक कनेक्ट संवाददाता
अनुवाद: शिवराज बारा
© 2026 CATHOLIC CONNECT POWERED BY ATCONLINE LLP