image

ख्रीस्तो ज्योति इंस्टीट्यूट ऑफ थियोलॉजी ने राउरकेला धर्मप्रांत में सामान्य विश्वासियों के लिए एक वर्षीय धर्मशास्त्र प्रमाणपत्र पाठ्यक्रम शुरू किया

राउरकेला, ओडिशा, 17 जुलाई 2026: ख्रीस्तो ज्योति इंस्टीट्यूट ऑफ थियोलॉजी (केजेआईटी), संबलपुर ने राउरकेला धर्मप्रांत में सामान्य विश्वासियों के लिए एक वर्षीय धर्मशास्त्र प्रमाणपत्र पाठ्यक्रम शुरू किया है। इस पहल का उद्देश्य सामान्य विश्वासियों के धर्मशास्त्रीय गठन को सुदृढ़ बनाना तथा कलीसिया के मिशन में उनकी सक्रिय भागीदारी को प्रोत्साहित करना है।


इस पाठ्यक्रम का शुभारंभ 13 जुलाई को सुंदरगढ़ पल्ली में पवित्र यूखरिस्तीय बलिदान (पवित्र मिस्सा) तथा उद्घाटन समारोह के साथ हुआ।


उद्घाटन मिस्सा की अध्यक्षता राउरकेला के बिशप किशोर कुमार कुजूर ने की। इस अवसर पर फादर अनुरंजन बिलुंग, एसवीडी, आईएनई प्रांत के प्रांतीय श्रेष्ठ, केजेआईटी के प्राध्यापकगण तथा अन्य पुरोहित भी उपस्थित रहे। सुंदरगढ़ पल्ली और आसपास की पल्लियों से इस पाठ्यक्रम में नामांकित लगभग 50 सामान्य विश्वासी उद्घाटन समारोह में शामिल हुए।


शैक्षणिक वर्ष 2026–2027 का उद्घाटन करते हुए बिशप किशोर कुमार कुजूर ने प्रतिभागियों को व्यवस्थित धर्मशास्त्रीय अध्ययन के माध्यम से अपने विश्वास को और गहरा करने के लिए प्रोत्साहित किया।


फादर अनुरंजन बिलुंग ने प्रतिभागियों से आग्रह किया कि वे इस अवसर का पूरा लाभ उठाते हुए विश्वास में आगे बढ़ें और कलीसिया के मिशन में प्रभावी सहयोगी बनें।


इस अवसर पर फादर विक्टर रोड्रिग्स, एसवीडी, रेक्टर, ख्रीस्तो ज्योति महाविद्यालय, ने सामान्य विश्वासियों के लिए धर्मशास्त्रीय शिक्षा के महत्व पर प्रकाश डाला। उन्होंने कहा कि विश्वास की गहन समझ सामान्य विश्वासियों को अपने परिवार, कार्यस्थल और समाज में मसीह का अधिक प्रभावी साक्षी बनने में सक्षम बनाती है। उन्होंने इस कार्यक्रम के सफल आयोजन में सहयोग देने वाले सभी लोगों के प्रति आभार भी व्यक्त किया।


उद्घाटन समारोह का संचालन फादर इम्लुस टेटे, निदेशक, केजेआईटी, ने किया। इस अवसर पर सिस्टर मैरी कुट्टी, हैंडमेड्स ऑफ मैरी धर्मसंघ की महासुपीरियर, तथा सिस्टर एमिलिया, उपमहासुपीरियर, भी उपस्थित थीं।


एक वर्षीय प्रमाणपत्र पाठ्यक्रम के अंतर्गत सप्ताह में पाँच दिन, प्रातः 9 बजे से दोपहर 1 बजे तक कक्षाएँ आयोजित की जाएँगी। यह पाठ्यक्रम प्रतिभागियों को कैथोलिक धर्मशास्त्र का व्यापक आधार प्रदान करेगा।


इस कार्यक्रम का सफल आयोजन सुंदरगढ़ पल्ली के पल्ली पुरोहित फादर इमैनुएल टोप्पो, एसवीडी, ने किया, जिनके समर्पित प्रयासों से सामान्य विश्वासियों के धर्मशास्त्रीय गठन की इस महत्त्वपूर्ण पहल का शुभारंभ सुचारु रूप से सम्पन्न हुआ।


कैथोलिक कनेक्ट संवाददाता

अनुवाद: सिस्टर एम. अल्फोंसा ग्रेशियन, एसआरए

© 2026 CATHOLIC CONNECT POWERED BY ATCONLINE LLP