image

ग्वालियर डायोसिस ने जेल मिनिस्ट्री और जस्टिस संडे मनाया

ग्वालियर, 25 अगस्त 2026: ग्वालियर धर्मप्रांत ने 23 अगस्त को डबरा स्थित आई जे मल्टीपर्पस सेंटर में जेल मिनिस्ट्री और जस्टिस संडे मनाया। इस अवसर पर कलीसिया की कैदियों के प्रति सेवा, न्याय और मानव गरिमा के प्रति प्रतिबद्धता को विशेष रूप से रेखांकित किया गया।


कार्यक्रम के मुख्य अतिथि ग्वालियर धर्मप्रांत के बिशप जोसेफ थायकाट्टिल थे। धर्मप्रांत के वित्तीय प्रशासक फादर पियस ने पवित्र मिस्सा की अध्यक्षता की और प्रवचन दिया।


सभा को संबोधित करते हुए बिशप थायकाट्टिल ने कैदियों के प्रति करुणा और देखभाल का आह्वान किया। उन्होंने कहा, “हर कैदी ईश्वर की संतान है। उनके प्रति दयालु रहें और उनकी देखभाल करें।” उन्होंने जेल मिनिस्ट्री से जुड़े लोगों की सराहना करते हुए उन्हें अपनी सेवा निरंतर जारी रखने के लिए प्रोत्साहित किया।


ग्वालियर धर्मप्रांत के जेल मिनिस्ट्री के निदेशक फादर अरोकिया डॉस ने ऑनलाइन माध्यम से कार्यक्रम में भाग लिया और मंत्रालय के सदस्यों के निरंतर समर्पण के लिए आभार व्यक्त किया।


कार्यक्रम में आसपास के पल्लियों के पुरोहितों, जिनमें फादर थॉमस और फादर जोसेफ जेम्स शामिल थे, के साथ-साथ विभिन पल्लियों के विश्वासी और धर्मबहनें भी उपस्थित रहीं। डबरा गायक दल ने पवित्र मिस्सा के दौरान भजन और गीतों का नेतृत्व किया।


बिशप थायकाट्टिल ने धर्मप्रांत के जेल मिनिस्ट्री में सेवा देने वाले सदस्यों को उनके योगदान के लिए सम्मानित भी किया। सम्मानित होने वालों में एबल एक्सट्रॉस, बाजिल, अजय मार्को, फिलिप, हेलिना, मोनिका जॉनसन, क्लारा पीर्डन, मार्गरेट एक्सट्रॉस, सिस्टर थियोडोसिया, MC, सिस्टर रम्या, CSST और परपेट पेटेट शामिल थे।


आई जे मल्टीपर्पस सेंटर के निदेशक फादर सानू अलुंकल ने कार्यक्रम की व्यवस्थाओं का समन्वय किया।


इस अवसर ने कलीसिया के उस मिशन को रेखांकित किया, जिसके अंतर्गत वह कैदियों और समाज द्वारा अक्सर उपेक्षित लोगों के साथ खड़ी रहती है तथा न्याय, दया और प्रत्येक व्यक्ति की मानवीय गरिमा के सम्मान को बढ़ावा देती है।


— कैथोलिक कनेक्ट रिपोर्टर

अनुवाद : शिवराज बारा

© 2026 CATHOLIC CONNECT POWERED BY ATCONLINE LLP