- 18 August, 2026
15 अगस्त 2026, अहमदाबाद: राष्ट्रीय युवा रविवार 2026 के अवसर पर अहमदाबाद के युवा कैथोलिकों से आह्वान किया गया कि वे अपने विश्वास को सामाजिक जिम्मेदारी में बदलें तथा अपनी शिक्षा, व्यावसायिक दक्षताओं और नेतृत्व क्षमताओं का उपयोग समाज की सेवा के लिए करें।
अहमदाबाद धर्मप्रांत के भारतीय कैथोलिक युवा आंदोलन (ICYM) द्वारा अपने निदेशक फादर एडविन आनंद के मार्गदर्शन में आयोजित इस कार्यक्रम में युवाओं ने विश्वास, करियर, स्वास्थ्य, नेतृत्व, सेवा और नागरिक जिम्मेदारी जैसे विषयों पर चर्चा की।
कार्यक्रम में अहमदाबाद धर्मप्रांत के ICYM युवाओं पर आधारित एक वृत्तचित्र तथा नई दिल्ली के जंतर-मंतर पर उपवास में भाग लेने वाले युवाओं के संदेश प्रस्तुत किए गए। इन प्रस्तुतियों ने राष्ट्र, समाज और मानवता से जुड़े विभिन्न मुद्दों के प्रति युवाओं की भूमिका को उजागर किया।
पुरोहित फादर सेड्रिक प्रकाश (एस जे)ने “विश्वास को कार्य में बदलना और सामाजिक जिम्मेदारी” विषय पर संबोधित किया। उन्होंने ईसाई विश्वास, सेवा, न्याय और समाज के प्रति जिम्मेदारी के बीच संबंध को स्पष्ट किया।
“लोक सेवा की ओर मार्ग” विषय पर बेनेडिक्ट सोलंकी ने सरकारी परीक्षाओं, करियर के विभिन्न विकल्पों और लोक सेवा के अवसरों के बारे में युवाओं का मार्गदर्शन किया। सिस्टर अल्थिया राज FC ने “आशा के साथ दौड़ें – उद्देश्य के साथ पूर्ण करें” विषय पर बोलते हुए युवाओं को धैर्य, दृढ़ता और आशा के साथ अपने लक्ष्यों की ओर बढ़ने के लिए प्रेरित किया।
कार्यक्रम में व्यक्तिगत स्वास्थ्य और कल्याण पर भी विशेष ध्यान दिया गया। डॉ. प्रीति राठौड़ और शैलेश राठौड़ ने “कार्य-जीवन संतुलन और स्वस्थ जीवन” विषय पर विचार रखते हुए परिवार, पढ़ाई, व्यावसायिक जिम्मेदारियों, स्वास्थ्य और विश्वास के बीच संतुलन बनाए रखने के महत्व पर जोर दिया।
फादर सुरेश एंटनी SJ ने मानसिक और भावनात्मक स्वास्थ्य पर बात की, जबकि फादर जेराल्ड ने “आपके जीवन को आकार देने वाला चुनाव” विषय पर अनुशासन, जवाबदेही और व्यक्तिगत निर्णयों के दीर्घकालिक परिणामों पर प्रकाश डाला।
युवा उपलब्धियों को यूथ आइकन अवॉर्ड्स के माध्यम से सम्मानित किया गया। इन पुरस्कारों में शैक्षणिक उपलब्धियों, व्यावसायिक आकांक्षाओं और राष्ट्र की सेवा को विशेष रूप से रेखांकित किया गया।
हैयू वाघेला ने B.Tech पूरा करने के बाद GATE परीक्षा उत्तीर्ण की और IIT गांधीनगर के M.Tech कार्यक्रम में प्रवेश प्राप्त किया। उन्हें उनकी शैक्षणिक उपलब्धि और दृढ़ता के लिए सम्मानित किया गया।
कोमिल परमार, जो IIT गुवाहाटी में डेटा साइंस और आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस की पढ़ाई कर रहे हैं, को शोध और अंतरराष्ट्रीय प्रतियोगिताओं में उनकी उपलब्धियों के लिए सम्मानित किया गया।
शिक्षाविद् और करियर कोच सेल्विन पालेजकर, जो BeyondXII के संस्थापक और IIT मद्रास के पूर्व छात्र हैं, को करियर मार्गदर्शन और विद्यार्थियों के विकास के क्षेत्र में उनके योगदान के लिए सम्मानित किया गया।
भारतीय सेना में अग्निवीर के रूप में चयनित अर्पण क्रिस्टी को देश की सेवा करने की अपनी आकांक्षा को आगे बढ़ाने के लिए सम्मानित किया गया।
गांधीनगर के युवा फुटबॉल रेफरी जारविश मैकइवान को मलेशिया स्थित AFC रेफरी अकादमी के लिए चयनित होने तथा FIFA रेफरी बनने की उनकी महत्वाकांक्षा के लिए सम्मानित किया गया।
समारोह में डीनरी स्तर पर प्रेरणादायक सत्र, संवाद, सेमिनार, आराधना तथा युवा महिलाओं द्वारा आयोजित “क्राइस्ट यज्ञ” भी शामिल थे। इन गतिविधियों ने प्रतिभागियों को कार्यक्रम की योजना, समन्वय, प्रबंधन और नेतृत्व में जिम्मेदारियां निभाने के अवसर प्रदान किए।
विभिन्न व्यावसायिक क्षेत्रों से आए वक्ताओं के साथ संवाद का उद्देश्य युवाओं में आत्मविश्वास, आलोचनात्मक चिंतन, निर्णय लेने की क्षमता और नेतृत्व कौशल को मजबूत करना था। साथ ही, उन्हें केवल व्यक्तिगत उपलब्धियों तक सीमित न रहकर सामाजिक योगदान की दिशा में आगे बढ़ने के लिए प्रेरित किया गया।
इस कार्यक्रम को अहमदाबाद धर्मप्रांत के ICYM परिषद सदस्यों, डीनरी के युवा प्रभारी पुरोहितों एवं धर्मसमाजियों, युवा मार्गदर्शकों शैलेश राठौड़ और डॉ. प्रीति राठौड़ तथा दिव्यदयाधाम और सैलून के पल्ली पुरोहितों, जिनमें फादर अरुल और फादर प्रकाश शामिल हैं, का सहयोग प्राप्त हुआ l
इस समारोह ने इस संदेश को स्पष्ट किया कि युवा प्रेरिताई केवल आध्यात्मिक गठन तक सीमित नहीं है, बल्कि इसका उद्देश्य युवाओं को जिम्मेदार नागरिक और कलीसिया तथा व्यापक समाज के सक्रिय योगदानकर्ता बनने के लिए सक्षम बनाना भी है।
कैथोलिक कनेक्ट रिपोर्टर द्वारा
अनुवाद: सिस्टर एम. अल्फोंसा ग्रेशियन, एसआरए
© 2026 CATHOLIC CONNECT POWERED BY ATCONLINE LLP