image

जीवन लक्ष्य पहचान शिविर 2026 से युवाओं को मिली नई दिशा

वाराणसी, मई 2026: इंडियन कैथोलिक यूथ मूवमेंट (आईसीवाईएम), वाराणसी धर्मप्रांत द्वारा आयोजित जीवन लक्ष्य पहचान शिविर (लाइफ ओरिएंटेशन प्रोग्राम) 2026 का सफल आयोजन 18 से 28 मई तक सेंट जोसेफ स्कूल, जंगीगंज में किया गया। शिविर का उद्देश्य युवाओं के सर्वांगीण विकास के साथ उन्हें जीवन के लक्ष्य को पहचानने और उसे प्राप्त करने के लिए प्रेरित करना था।


इस दस दिवसीय शिविर में धर्मप्रांत के 16 पल्ली क्षेत्रों से 49 युवाओं ने भाग लिया, जिनमें 28 युवक और 21 युवतियाँ शामिल थीं। शिविर का उद्घाटन युवा निदेशक फा. कुनाल मैथ्यू ने किया। कार्यक्रम के दौरान प्रतिभागियों के लिए प्रतिदिन प्रार्थना, बाइबिल अध्ययन, रोज़री, आराधना, शारीरिक व्यायाम तथा मूल्य-आधारित प्रशिक्षण की व्यवस्था की गई।


विश्व युवा दिवस 2026 के आदर्श वाक्य “हिम्मत रखो! मैंने संसार पर विजय पाई है” (यूहन्ना 16:33) को शिविर का केंद्रीय विषय बनाया गया। विभिन्न वक्ताओं ने युवाओं को आत्म-पहचान, व्यक्तित्व विकास, नेतृत्व क्षमता, लक्ष्य निर्धारण और जीवन मूल्यों पर मार्गदर्शन दिया।


शिविर में मीडिया के सकारात्मक उपयोग, कानूनी जागरूकता, संवैधानिक अधिकारों, पर्यावरण संरक्षण तथा सामाजिक जिम्मेदारियों जैसे समसामयिक विषयों पर भी विशेष सत्र आयोजित किए गए। वक्ताओं ने युवाओं को अपनी प्रतिभा पहचानने, कठिन परिश्रम करने और जीवन में स्पष्ट उद्देश्य के साथ आगे बढ़ने के लिए प्रेरित किया।


शिविर के दौरान पेंतेकोस्त पर्व भी उत्साहपूर्वक मनाया गया। समापन दिवस पर विशेष प्रार्थना सभा और यूखारिस्तीय समारोह आयोजित किया गया। बाइबिल अध्ययन, ईसाई मूल्यों तथा विश्वास को दैनिक जीवन में अपनाने के महत्व पर भी विस्तार से चर्चा की गई।


शिविर में सिस्टर तारा एस., ब्रदर विजय, श्री फेलिक्स श्याम, फा. रोज़ेलिन राजा, फा. सहाय अवस, फा. रविंद्र, श्री सुनील नरेश और श्रीमती अंजू सहित कई विशेषज्ञों ने युवाओं का मार्गदर्शन किया। उन्होंने शिक्षा, पारिवारिक मूल्यों, सामाजिक उत्तरदायित्व, मीडिया जागरूकता और पर्यावरण संरक्षण जैसे विषयों पर विचार साझा किए।


शिविर का समापन महाधर्माध्यक्ष यूजीन जोसेफ के आशीर्वचन के साथ हुआ। उन्होंने युवाओं को विश्वास, अनुशासन और सेवा की भावना के साथ जीवन में आगे बढ़ने का आह्वान किया। आयोजकों के अनुसार प्रतिभागी नई ऊर्जा, आत्मविश्वास और जीवन के प्रति स्पष्ट दृष्टिकोण के साथ अपने घरों को लौटे।


– फा. कुनाल मैथ्यू

युवा निदेशक,

आईसीवाईएम वाराणसी धर्मप्रांत



Download Catholic Connect App for Daily News Updates: 

Android: Click here to download

iOS: Click here to download

Continue Reading on Catholic Connect App

Get access to exclusive news articles & more.

© 2026 CATHOLIC CONNECT POWERED BY ATCONLINE LLP